खुदकुशी की कोशिश करने वाले कांग्रेस के पूर्व पंच नत्था सिंह की हुई मौत

punjabkesari.in Wednesday, Jun 27, 2018 - 08:29 AM (IST)

बठिंडा (विजय): गांव गिलपत्ती में गत दिवस कांग्रेस के पूर्व पंच नत्था सिंह द्वारा गांव के ही सीनियर अकाली नेता अकबर सिंह गिलपत्ती सहित 8 के खिलाफ एक सुसाइड नोट लिखा गया, जिनको मौत का जिम्मेदार बताया गया परन्तु जब पुलिस ने पूरी जांच के बाद कांग्रेस के पूर्व पंच नत्था सिंह के खिलाफ थाना थर्मल में मामला दर्ज कर लिया लेकिन आज उस समय मामले ने नया मोड़ ले लिया जब उपचाराधीन पूर्व पंच नत्था सिंह की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार नत्था सिंह ने 20 जून को जहरीली दवा निगल ली थी और उसकी हालत खराब होने के कारण पारिवारिक सदस्यों द्वारा सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया गया और उसका इलाज चल रहा था। नत्था सिंह ने खुदकुशी करने से पहले एक सुसाइड नोट लिखा था जिसमें उसने खुदकुशी करने के लिए मजबूर करने वाले गांव के वरिष्ठ अकाली नेता सहित 8 लोगों के नाम लिखे थे।

मामले की जांच कर रहे ए.एस.आई. राजवीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने जब पूरे मामले की गहराई से जांच की तो पता चला कि नत्था सिंह कुचला नामक नशा तैयार करता था व जिसका सेवन करता था और साथ ही गांव के नौजवानों को बेचता था जिसको अकाली नेता अकबर सिंह गिलपत्ती, गुलजार सिंह आदि बेचने से रोकते थे, जिस कारण नत्था सिंह ने खुदकुशी करने की कोशिश की। पुलिस ने उक्त आरोपी के खिलाफ खुदकुशी करने का मामला दर्ज कर दिया था परन्तु नत्था सिंह की मौत हो गई। इस संबंधी थाना थर्मल के इंचार्ज शिव चंद से बातचीत की तो उन्होंने कहा कि सुसाइड नोट में लिखे व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर दिया है। 

Anjna