युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान

punjabkesari.in Monday, Sep 10, 2018 - 09:40 AM (IST)

जालंधर(गुलशन): डी.एम.यू. शैड से थोड़ी दूरी पर बशीरपुरा फाटक के पास लुधियाना की ओर जाने वाली ट्रेन आती देख कर एक युवक रेल लाइनों पर लेट गया। मालगाड़ी के ड्राइवर ने हॉर्न भी बजाया लेकिन चंद सैकेंड में ही ट्रेन उसके ऊपर से गुजर गई और उसके शरीर के 2 टुकड़े हो गए। इतना दर्दनाक दृश्य देखकर वहां से गुजर रहे लोगों के होश फाख्ता हो गए।

मृतक की पहचान रोहित साहनी (31) पुत्र स्व. इरविन साहनी निवासी न्यू दयोल नगर पुलिस डिवीजन नंबर 7 जालंधर के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने पर जी.आर.पी. थाने के ए.एस.आई. अवतार सिंह, हीरा सिंह पुलिस मुलाजिमों के साथ मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने मृतक के पास से मिले मोबाइल फोन से नंबर लेकर उसके परिजनों को जानकारी दी। इसके बाद मृतक के मामा व अन्य रिश्तेदारों ने थाने पहुंचकर शव की शिनाख्त की। 

जवान बेटे की मौत का समाचार सुनकर रोती-बिलखती जी.आर.पी. थाने पहुंची मृतक की मां प्रभा साहनी ने पुलिस को बताया कि 2 महीने पहले उनके बेटे रोहित की शादी भाईदित्त सिंह नगर के रहने वाले गुरमीत सिंह की बेटी चांदनी के साथ हुई थी। रोहित और चांदनी दोनों की यह सैकेंड मैरिज थी। शादी के कुछ समय बाद से ही दोनों में झगड़ा होने लगा। इसी बीच रोहित के ससुराल वाले भी उसे परेशान करते रहे। बीती रात भी रोहित की पत्नी चांदनी ने उसके साथ झगड़ा किया, जिसके बाद उसके ससुराल वालों ने घर आकर रोहित को खूब डराया-धमकाया। देर रात तक हुए झगड़े के बाद रोहित सुबह करीब 3 बजे घर से निकल गया और घर से जाने के बाद उसने अपना फोन भी बंद कर दिया। काफी ढूंढने के बाद भी वह नहीं मिला।

सुबह करीब 7.30 बजे उसने अपनी बहन को फोन किया। इसके बाद रोहित के मामा ने भी उसे फोन करके कहा कि सब ठीक हो जाएगा तुम घर आ जाओ। बावजूद इसके परेशानी के आलम में उसने कुछ मिनटों के बाद ही डी.एम.यू. शैड से थोड़ी दूरी पर बशीरपुरा फाटक के पास रेल लाइनों पर खुदकुशी कर ली। थाना जी.आर.पी. में मृतक की मां प्रभा के बयानों पर रोहित की पत्नी चांदनी, सास लाडी, ससुर गुरमीत सिंह व साले राहुल के खिलाफ धारा 306/34 आई.पी.सी. के तहत मामला दर्ज कर लिया गया। केस में नामजद लोगों में से फिलहाल किसी की भी गिरफ्तारी नहीं हुई है। वहीं दूसरी तरफ पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया तथा शाम को परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया।

swetha