Punjab: युवक ने की आत्महत्या, मरने से पहले Video में GF को लेकर किए खुलासे
punjabkesari.in Thursday, Mar 12, 2026 - 04:12 PM (IST)
कपूरथला: कपूरथला के मोहल्ला लाहौरी गेट से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां सूरज नाहर नाम के एक युवक ने कथित तौर पर अपनी गर्लफ्रेंड से परेशान होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि आत्महत्या से पहले युवक ने 21 सेकेंड की एक वीडियो भी बनाई, जिसमें उसने एक महिला पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
वीडियो में सूरज रोते हुए कहता दिखाई दे रहा है कि रीत नाम की लड़की उसे काफी समय से परेशान कर रही थी और उससे पैसे भी ले चुकी थी। युवक का आरोप है कि महिला उसे दुष्कर्म का केस दर्ज करवाने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर रही थी, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान था।
मृतक की मां पूनम ने पुलिस को बताया कि उसके बेटे की उक्त महिला से करीब डेढ़ साल से दोस्ती थी। शुरुआत में महिला ने खुद को अविवाहित बताया था, लेकिन बाद में पता चला कि वह पहले से शादीशुदा है। परिवार का आरोप है कि महिला ने सूरज से 2 लाख रुपये की मांग भी की थी और पैसे न देने पर शिकायत करने की धमकी देती थी। पुलिस के अनुसार युवक द्वारा बनाई गई वीडियो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। मृतक की मां के बयान के आधार पर मामला दर्ज किया जा रहा है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पूरे मामले की जांच जारी है।

