ध्यान सिंह व संत दादूवाल को ISI से मिल रहा पैसा : सुखबीर बादल

punjabkesari.in Monday, Aug 27, 2018 - 09:50 AM (IST)

बाबा बकाला साहिब(अठौला, कंग, दिनेश): शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के प्रधान सुखबीर सिंह बादल ने बाबा बकाला साहिब में पूर्व विधायक मलकीयत सिंह ए.आर. के नेतृत्व में आयोजित कॉन्फ्रैंस में कहा कि कांग्रेस ने देश पर लंबा समय राज किया लेकिन हमेशा पंजाब का धार्मिक, राजनीतिक और आर्थिक तौर पर नुक्सान ही किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सिखों की दुश्मन नंबर वन पार्टी है। 

बादल ने कहा कि अकाली दल को बदनाम करने के लिए कांग्रेस ने पूरा एड़ीचोटी का जोर लगाया और पंजाब की नौजवान पीढ़ी को नशेड़ी बनाया परंतु मैं पूछना चाहता हूं कि आज पंजाब में कांग्रेस सरकार सत्ता पर काबिज है तो अब नशे कौन बेचता है। आज भी पंजाब में सबसे अधिक नौजवान नशे के साथ मर रहे हैं। उन्होंने ध्यान सिंह और संत दादूवाल पर आरोप लगाया कि इनको आई.एस.आई. का पैसा मिल रहा है और इन सबका एक ही मनोरथ शिरोमणि अकाली दल को कमजोर करना है। उन्होंने कहा कि मनजीत सिंह जी.के. पर हमला एक साजिश के तहत किया गया है। अब यह देखना है कि जी.के. पर हुए हमले के खिलाफ बरगाड़ी धरने पर बैठे अपने आप बने पंथक नेता बोलते हैं कि नहीं। 

इस दौरान मलकीयत सिंह ए.आर. हलका इंचार्ज, संदीप सिंह ए.आर. गगनदीप सिंह ए.आर. ने बादल को सम्मानित किया। कॉन्फ्रैंस में बिक्रमजीत सिंह मजीठिया ने जस्टिस रणजीत सिंह को पंजाब की कांग्रेस सरकार की कठपुतली करार दिया। उन्होंने माहौल खराब करने की साजिशें रचने के लिए मंत्री सुखजिन्द्र सिंह रंधावा और जस्टिस रणजीत सिंह के खिलाफ पर्चा दर्ज करने तथा बेअदबी मामलों की पड़ताल सुप्रीम कोर्ट के सिटिंग जज से करवाने की मांग की है। इस अवसर पर  रणजीत सिंह ब्रह्मपुरा, बीबी जगीर कौर, भाई सिंह लोपोके, मनजिन्द्र सिंह सिरसा, रविकरन काहलों, विरसा सिंह, गुलजार सिंह रणीके, रविन्द्र सिंह ब्रह्मपुरा आदि उपस्थित थे। 

Vatika