बेअदबी मामले में कैप्टन आग से खेल रहे हैं: सुखबीर बादल

punjabkesari.in Monday, Sep 10, 2018 - 11:15 AM (IST)

बठिंडा(विजय): अकाली दल के अध्यक्ष व पूर्व उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने बठिंडा में युवा अकाली दल की एक बड़ी रैली को संबोधित करते हुए कैप्टन अमरेन्द्र सिंह को ललकारा कि वह पंजाब का माहौल बिगाडऩा चाहते हैं तथा वह आग से खेल रहे हैं। 

उन्होंने कहा कांग्रेस की सत्ता दौरान डेढ़ वर्ष में पंजाब में 73 बेअदबियां हुईं जिनको लेकर कैप्टन सरकार चुप है। बरगाड़ी बेअदबी मामले में कैप्टन ने गर्मखयाली सिख समुदाय को आगे लाकर पंजाब को भभकती आग में झोंकने का प्रयास किया। बलजीत सिंह दादूवाल के बारे में उन्होंने कहा कि उसके बैंकों में 16 करोड़ रुपए जर्मनी व फ्रांस से आए, उसके 5 बैंक खातों में यह राशि पाई गई थी। ध्यान सिंह मंड जिसे अकाल तख्त का जत्थेदार कांग्रेस मान रही है, ने आतंकवाद के दौरान कई कत्लेआम किए व उसका भाई भी इसी रास्ते पर चला था।

कैप्टन इन लोगों के सहारे अपनी नाकामियां छुपाने की कोशिश कर रहा है जबकि उसने गुटका साहिब की सौगंध खाकर बेअदबी की, अब वह जनता का ध्यान उस से भटकाना चाहता है। इस रैली को संबोधित करने के लिए केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने पहुंचना था लेकिन मौसम खराब होने से उनका जहाज दिल्ली से नहीं उड़ सका। अकाली दल के अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस चाहे कितनी भी कोशिश कर ले, वह पंजाब का बाल बांका नहीं कर सकती। अकाली दल पंजाब में शांति बनाए रखने के लिए वचनबद्ध है। 


 

Vatika