सुखबीर और हरसिमरत ने 115.95 करोड़ रुपए की संपत्ति घोषित की

punjabkesari.in Friday, Apr 26, 2019 - 09:18 PM (IST)

चंडीगढ़ः शिरोमणि अकाली दल प्रमुख सुखबीर सिंह बादल और उनकी पत्नी केन्द्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल दोनों ने मिलकर कुल 115.95 करोड़ रुपए की संपत्ति घोषित की है। उनके चुनावी हलफनामे में यह जानकारी मिली। फिरोजपुर लोकसभा सीट से उम्मीदवार सुखबीर सिंह के पास 75.88 करोड़ रुपए की चल और अचल संपत्ति है। 

बठिंडा सीट से चुनाव लड़ रहीं उनकी पत्नी और केन्द्रीय मंत्री हरसिमरत कौर के पास 40.07 करोड़ रुपए की संपत्ति है। शुक्रवार को नामांकन पत्र सौंपने से पहले दंपति ने अमृतसर के स्वर्ण मंदिर में मत्था टेका। दोनों उम्मीदवारों ने अपने समर्थकों के साथ फिरोजपुर और बठिंडा में रोड शो निकाला। जलालाबाद से विधायक सुखबीर के पास 95.82 लाख रुपए के घोड़े हैं जबकि उनकी पत्नी के पास 3.40 लाख रुपए की पेंटिंग हैं। सुखबीर के पास चार लाख रुपए के दो हथियार हैं जबकि उनकी पत्नी के पास 1.25 लाख रुपए का एक हथियार है। 

सुखबीर के पास 23.12 करोड़ रुपए जबकि उनकी पत्नी के पास 24.17 करोड़ रुपए की चल संपत्ति है। हरसिमरत कौर के पास करीब सात करोड़ रुपए के आभूषण हैं जबकि उनके पति के पास नौ लाख रुपए के सोने के आभूषण हैं। उनके हलफनामों के अनुसार, सुखबीर के पास 52.76 करोड़ रुपए जबकि उनकी पत्नी के पास 15.90 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति है। सुखबीर के खिलाफ पंजाब की अलग अलग अदालतों में चार आपराधिक मामले विचाराधीन हैं।

Mohit