कांग्रेसी नेता खुशबाज सिंह जटाना के निधन पर सुखबीर ने जताया दुख, परिवार से मिलकर बांटा दुख
punjabkesari.in Friday, Apr 10, 2026 - 08:01 PM (IST)
बठिंडा (विजय वर्मा) : तलवंडी साबो के युवा कांग्रेसी नेता सरदार खुशबाज सिंह जटाना के बीते दिनों सड़क हादसे में असमय निधन से इलाके में गहरा शोक छा गया है। आज शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने मृतक के घर पहुंचकर परिवार के साथ दुख सांझा किया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
सुखबीर बादल ने कहा कि खुशबाज सिंह जटाना ने बहुत ही कम उम्र में अपनी मेहनत और ईमानदारी के दम पर राजनीति में एक अलग पहचान बनाई थी। वे साफ-सुथरी राजनीति के समर्थक थे और हमेशा लोगों के हितों के लिए आगे रहते थे। उनके अचानक निधन से न केवल परिवार, बल्कि पूरे इलाके को बड़ा नुकसान हुआ है। इस मौके पर उन्होंने भगवान से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें और परिवार को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें।
इस दौरान जिला प्रधान सुशील कुमार गोल्डी, ओम प्रकाश शर्मा, बलकार सिंह गोनियाना, बबली ढिल्लों, गुरसेवक सिंह मान, इंदरजीत सिंह बराड़, यादविंदर सिंह यादी, चमकौर सिंह मान, निर्मल संधू, दलजीत सिंह गुरु और कुक्कू ज्वैलर्स सहित अन्य नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे और परिवार के साथ दुख साझा किया। इलाके के लोगों द्वारा भी खुशबाज सिंह जटाना के असमय निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया जा रहा है और उन्हें एक मेहनती एवं लोकप्रिय युवा नेता के रूप में याद किया जा रहा है।

