सुखबीर बादल मुख्यमंत्री बनने का सपना देखना छोड़ें: ब्रह्मपुरा

punjabkesari.in Thursday, Feb 06, 2020 - 07:45 PM (IST)

तरनतारनः शिरोमणि अकाली दल (टकसाली) के नेता एवं पूर्व विधायक रविन्द्र सिंह ब्रह्मपुरा ने गुरुवार को कहा कि शिरोमणि अकाली दल (बादल) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल साल 2022 में मुख्यमंत्री बनने का ख्वाब भूल जाएं क्योंकि उन्होंने पार्टी को निजी कंपनी की तरह चलाया है जिससे सिख कौम का बड़ा नुकसान हुआ है। ब्रह्मपुरा ने गांव ठठियां महंता में 21 फरवरी को आयोजित होने वाली जि़ला स्तरीय रैली के संबंध में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पंजाब के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने संगरूर में रैली को संबोधन करते हुए ढींडसा परिवार प्रति जो अपमानजनक शब्दावली प्रयोग की है, वह अति निंदनीय है। 

उन्होंने कहा कि बादल को अपने से बड़ों का सत्कार करना सीखना चाहिए। पूर्व विधायक ने कहा कि बादल सरकार के समय हुई बेअदबी की घटना का आज तक इंसाफ नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि बादल साल 2022 में पंजाब के मुख्यमंत्री बनने का ख्वाब भूल जाएं क्योंकि एक पंथक पार्टी को निजी जायदाद बनाने से सिख कौम का बड़ा नुकसान हुआ है। उन्होने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंद्र सिंह ने दिल्ली विधानसभा मतदान संबंधी एक चुनावी जनसभा को संबोधित करने के दौरान सफेद झूठ बोला कि कांग्रेस सरकार ने तीन वर्षों के कार्यकाल के दौरान पंजाब के लोगों के साथ किए गए सभी वायदे पूरे कर दिए हैं।

Mohit