सुखबीर बादल ने CM मान को दी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी, जानिए क्या है पूरा मामला

punjabkesari.in Wednesday, Nov 30, 2022 - 07:31 PM (IST)

चंडीगढ़: शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने आज मुख्यमंत्री भगवंत मान को कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है। जानकारी के अनुसार सुखबीर बादल ने सी.एम. मान से पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल द्वारा 5 पेंशन लेने का रिकॉर्ड सार्वजनिक करने या फिर झूठ बोलने के लिए मानहानि के मुकदमे का सामना करने के लिए तैयार रहने को कहा।

यहां जारी एक बयान में शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री आम आदमी पार्टी द्वारा 7 साल पहले शुरू किया गया बदनाम करने का अभियान चला रहे हैं और अब वे झूठ और झूठे वादों से गुजरात के मतदाताओं को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भगवंत मान भले ही सोचते हों कि वह झूठ बोलकर लोगों को गुमराह कर सकते हैं लेकिन उन्होंने जो बयान दिया है उसके लिए हम उन्हें जवाबदेह ठहराएंगे। अब मान को अपने दावों के पक्ष में सार्वजनिक तौर पर सबूत पेश करने होंगे, नहीं तो उन्हें अपने बयानों के लिए माफी मांगनी होगी। अगर वे ऐसा नहीं करते हैं या अपने बयान के लिए माफी नहीं मांगते हैं तो उन्हें कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।

सुखबीर सिंह बादल ने तथ्य पेश करते हुए कहा कि सच्चाई यह है कि 5 बार मुख्यमंत्री रहे प्रकाश सिंह बादल ने 2022 का विधानसभा चुनाव हारने के तुरंत बाद स्पीकर को पत्र लिखकर कहा था कि उनके 10 बार विधायक बनने की पेंशन  का भुगतान न किया जाए। बादल ने अनुरोध किया था कि यह पैसा लोक कल्याण, खासकर लड़कियों की शिक्षा पर खर्च किया जाना चाहिए।

सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि यह पत्र विधानसभा के रिकार्ड का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में यह भी स्पष्ट किया है कि उन्हें अपने जीवन में कभी भी पूर्व विधायक के रूप में पेंशन नहीं मिली। यह स्पष्ट है कि मुख्यमंत्री जानबूझकर शरारतपूर्ण टिप्पणी कर रहे हैं ताकि वह अकाली दल को बदनाम कर सकें और खुद को एक मसीहा के रूप में पेश कर सकें जो हर महीने करदाताओं के 5 लाख रुपए बचाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वास्तव में जो हो रहा है वह इसके विपरीत है। 'आप' का पूरा अभियान प्रचार पर आधारित है और चालू वित्त वर्ष में ही विज्ञापन के लिए 700 करोड़ रुपए रखे गए हैं। आम आदमी पार्टी देशभर में विज्ञापन पर करोड़ों रुपए खर्च कर रही है। टैक्स देने वाले पंजाबियों का जो पैसा विकास पर खर्च होना चाहिए, वह इस तरह बर्बाद किया जा रहा है।

मेडिकल कॉलेज का निर्माण कोरा झूठ है

सुखबीर बादल ने आज गुजरात में हुई प्रेस कांफ्रेंस में भगवंत मान के उस झूठ का भी पर्दाफाश किया जिसमें उन्होंने दावा किया था कि आम आदमी पार्टी की सरकार पंजाब में मेडिकल कॉलेज बनवा रही है। बादल ने कहा कि यह सरासर झूठ है। केंद्र सरकार द्वारा पंजाब में सभी मेडिकल कॉलेजों के लिए कोरोना के बाद की स्थिति में मंजूरी दी गई है जिसमें केंद्र सरकार और राज्य सरकारें समान योगदान देकर इन कॉलेजों की स्थापना करेंगी। भगवंत मान ने पिछली अकाली दल के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा बनाए गए सुविधा केंद्रों को केवल बंद कर दिया है और उन्हें मोहल्ला क्लीनिक में बदल दिया है, जबकि यह दिल्ली में एक विफल मॉडल है। उन्होंने कहा कि ये क्लीनिक भी ठीक से नहीं चल रहे हैं क्योंकि ग्रामीण क्षेत्रों में इन क्लीनिकों में कोई डॉक्टर उपलब्ध नहीं और इनके पास अन्य स्टाफ की भी कमी है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here

अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

News Editor

Kamini