सुखबीर मुम्बई में मिले थे 14 सितम्बर 2015 को राम रहीम से: जाखड़

punjabkesari.in Saturday, Oct 06, 2018 - 04:47 PM (IST)

जालंधर(धवन): पंजाब कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने आज यहां मीडिया के सामने अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल की डेरा प्रमुख राम रहीम से हुई बैठक की तारीख का ऐलान करते हुए कहा कि सुखबीर मुम्बई में 14 सितम्बर 2015 को डेरा प्रमुख से बैठक करने गए थे।

डेरा प्रमुख की फिल्म ‘एम.एस.जी.-2’ 18 सितम्बर 2015 को रिलीज हुई थी तथा उससे 4 दिन पहले सुखबीर की डेरा प्रमुख से गुप्त बैठक हुई थी। सुखबीर ने अभी तक इस बैठक को लेकर इन्कार नहीं किया है। जाखड़ ने कुछ दिन पहले ऐलान किया था कि वह सुखबीर व डेरा प्रमुख के मध्य हुई बैठक की तारीख का ऐलान करेंगे। आज यहां पत्रकार सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मैंने 29 अगस्त 2018 को प्रैस कांफ्रैंस करके सुखबीर से पूछा था कि डेरा प्रमुख की फिल्म को रिलीज करवाने के लिए उन्होंने गुप्त समझौता क्यों किया है। 

...तो फिर बहबलकलां में गोली कांड ना होता
जाखड़ ने पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल व पूर्व गृह मंत्री सुखबीर बादल से दूसरा सवाल पूछते हुए कहा कि वे दोनों कह रहे हैं कि बहबलकलां में गोली चलाने के आदेश उन्होंने पूर्व डी.जी.पी. सुमेध सैनी को नहीं दिए थे। अगर बादलों की इस बात पर विश्वास भी कर लिया जाए तो भी 14 अक्तूबर 2015 को कोटकपूरा में सिख संगत पर गोली सुबह 6.48 बजे चली थी। उसके साढ़े 3 घंटे बाद बहबलकलां में पुलिस ने गोली चलाई थी। जाखड़ ने पूछा कि कोटकपूरा में गोली चलने के बाद अगर बादल व सुखबीर दोनों हरकत में आकर पुलिस से पूछते तो फिर बहबलकलां में गोली कांड नहीं होना था परन्तु पूर्व मुख्यमंत्री व पूर्व गृह मंत्री ने अपनी जिम्मेदारी नहीं निभाई। इसीलिए बहबलकलां में सिख संगत पर पुलिस ने कोटकपूरा फायरिंग के बाद पुन: फायरिंग कर दी। 

अकाली दल के सांसदों ने सुखबीर से नाता तोड़ा
उन्होंने गोलीकांड के लिए पुन: बादल व सुखबीर को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि वे अपनी जिम्मेदारी से दौड़ नहीं सकेंगे। उन्होंने टकसाली अकाली नेताओं द्वारा पटियाला रैली का बायकाट करने के फैसले की सराहना करते हुए कहा कि अब तो अकाली दल के चार सांसदों में से आधे सांसद रंजीत सिंह ब्रह्मपुरा व घुबाया ने सुखबीर के आधुनिक अकाली दल से नाता तोड़ लिया है। वह भी धार्मिक ग्रंथों की बेअदबी की घटनाओं के लिए आधुनिक अकाली दल को जिम्मेदार मान रहे हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिक अकाली दल ने केवल माफिया राज व भ्रष्टाचार के सिवाय पंजाब को कुछ नहीं दिया। इस अवसर पर कांग्रेसी विधायक परगट सिंह, पूर्व विधायक जगबीर बराड़, विधायक बावा हैनरी, मेयर जगदीश राजा, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दलजीत सिंह आहलूवालिया, यशपाल सिंह धीमान, अशोक गुप्ता व अन्य भी मौजूद थे।

Vaneet