पंजाब केसरी से बातचीत में बोले सुखबीर- हवा में बातें कर रहे चन्नी और केजरीवाल

punjabkesari.in Saturday, Dec 04, 2021 - 05:19 PM (IST)

जालंधर: 2022 के चुनाव को लेकर दल बदली का सिलसिला शुरू हो गया है। भाजपा ने मनजिन्द्र सिंह सिरसा को पार्टी में शामिल करके अकाली दल को बड़ा झटका दिया है। ऊधर सुखबीर सिंह बादल का कहना है कि भाजपा गंदी राजनीति पर उतर आई है। उनका दावा है कि भाजपा के ऐसे हथकंडों से पार्टी कमजोर नहीं होगी। सुखबीर बादल ने पंजाब केसरी संवाददाता रमनदीप सिंह सोढी से बातचीत करते हुए ऐलान किया कि हम भाजपा के साथ अब किसी भी रूप में हाथ नहीं मिलाएंगे। उनके मुताबिक पंजाब के लोग चरणजीत सिंह चन्नी और अरविंद केजरीवाल की हवाई बातों की बजाय अकाली दल द्वारा किए गए विकास के एजेंडे पर विश्वास करेंगे। 

क्या जोशी के नहले पर भाजपा ने सिरसा का दहला फैंका है? 
अनिल जोशी ने खुद पार्टी छोड़ी थी। जोशी का स्टैंड खेती कानूनों के मुद्दे को लेकर था, जबकि मनजिन्द्र सिंह सिरसा को भाजपा बंदूक के बल पर पार्टी में लेकर गई है। जब उनसे सवाल किया गया कि क्या सिरसा ने कोई ऐसा गलत काम किया था जिसके डर से सिरसा शामिल हो गए तो बादल का जवाब था कि सरकारों के लिए कोई भी केस बनाना कोई बड़ी बात नहीं होती। बेशक सिरसा ने ऐसा कुछ नहीं किया था मगर भाजपा हमारी दिल्ली गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की पूरी टीम को धमका रही है। आजकल केंद्र ने यह रिवाज बना रखा है कि विपक्ष को दबाने के लिए किसी पर नजायज मुकद्दमा दर्ज कर दो या फिर उसपर ईडी व इंकम टैक्स की रेड डलवा दी जाए, जोकि गलत राजनीति हैं। 
सिरसा ने खुद व्हाट्सएप पर भी मुझे दो दिन पहले यह जानकारी दी थी कि वह मुझे गिरफ्तार करने वाले हैं। केंद्र सरकार का यह व्यवहार बिल्कुल वर्दाश्त करने योग्य नहीं है। मुझे दुख है कि कुर्बानियों के इतिहास वाले सिख धर्म में पैदा हुए सिरसा पर्चे के डर से पार्टी छोड़ गए। हालांकि अकाली दल में कई लीडर आए और कई छोड़कर चले गए लेकिन पार्टी हमेशा चलती रही है। अब सिरसा के जाने से भी हमें भाजपा कोई बड़ा नुक्सान नहीं पहुंचा सकेगी मगर इस बात का अफसोस हमेशा रहेगा कि मैं सिरसा को नीचे से ऊपर तक लेकर गया हूं।

सिरसा दुखी होकर गए या आपने खुद भेजा?
नहीं, सिरसा हमारी पार्टी में बिल्कुल दुखी नहीं थे। मैंने पार्टी में हर वक्त उसको बनता सम्मान दिया। रही बात खुद भेजने की तो इसमें मेरा क्या फायदा होगा? जब सुखबीर बादल से पलटकर पूछा गया कि एक चर्चा यह भी है कि सिरसा अकाली दल और भाजपा के गठबंधन की कड़ी बन सकते हैं तो बादल ने हंसते हुए जवाब दिया कि क्या अब सिरसा हमारा गठजोड़ करवाएंगे। उनके मुताबिक यह बिल्कुल झूठ फैलाया जा रहा है। 

न तो भाजपा का भविष्य है और न ही कैप्टन को लोग पूछेंगे। 
सुखबीर  बादल का दावा है कि चुनाव से पहले और चुनाव के बाद भाजपा से गठजोड़ करने का कोई सवाल ही नहीं है। उनके मुताबिक अकाली दल का बसपा के साथ गठजोड़ है जो हम आखिर तक निभाएंगे। हमारे मन में भाजपा के साथ जाने का कोई ख्याल नहीं है। पंजाब की जनता कभी भी बंटा हुआ बहुमत नहीं देती। इसलिए अब न तो भाजपा का भविष्य है और न ही कैप्टन को लोग पूछेंगे। अब जनता के पास विकल्प सिर्फ हमारा ही बचा है।

हमें डरामेबाज नहीं, विजनरी सी.एम. की जरूरत
चरणजीत सिंह चन्नी पर व्यंग कसते हुए सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि वह जहां भी जाते हैं, वहीं पर अपना कारोबार बदल लेते हैं। कभी वह कहते हैं कि मैंने टैंट लगाया है, कभी रिक्शा चलाने की बात करते हैं और कभी डेयरी चलाने का जिक्र करते हैं। मुझे हैरानी है कि पंजाब के लोगों को चन्नी डरामे करके गुमराह क्यों कर रहे हैं। आज जरूरत है ऐेसे इंसान की जो पंजाब के एक नया विजन दें सके और तरक्की की राह पर लेकर जाए। चन्नी और केजरीवाल रात को एक कंडीशन में सोते हैं, आगे पीछे पायलट लगकार बड़ी गाडिय़ों में घूमते हैं और दिन में लोगों के सामने आम आदमी होने का ड्रामा करते हैं। 
आज हमें इंडस्ट्री, इंफ्रास्ट्रक्चर और नौजवानों के भविष्य का रोडमैप तैयार करना चाहिए न कि फालतू की बातें करके वक्ता जाया करना चाहिए। चन्नी को तो सिद्धू भी सी.एम. नहीं मानते हैं। क्योंकि वो तो दो महीने के लिए टैंपरेरी चार्ज पर पंजाब संभाल रहे हैं। 
 

केजरीवाल कहते हैं करूंगा, मगर मैंने तो करके दिखाया है
आजकल पंजाब में अरविंद केजरीवाल बड़ी हवाई बातें कर रहे हैं। उनकी झूठी गारंटियों पर पंजाब के लेकर ऐतबार नहीं करेंगे। अगर वह इतने ही लोगों को हमदर्द हैं तो जो वादे पंजाब मे कर रहे हैं उनका हूबहू दिल्ली में लागू क्यों नहीं करते हैं। मैंने जो कहा करके दिखाया है और जो कहूंगा वो भी करके दिखाऊंगा। हमारी सरकार के वक्त पंजाब की सड़कें, इंफ्रास्ट्रक्चर, सरप्लस बिजली, मैरिटोरियस स्कूल, किसानों के खेतों में पाईप लाईन और मंडीकरण जैसे शानदार काम किए गए। इसी कारण पंजाब के लोगों को हम पर पूर्ण विश्वास है। केजरीवाल यहां बिजली सस्ती देते हैं और दिल्ली जाकर पंजाब के पावर प्लांट बंद करने की बात करते हैं। 
 

मूसेवाला अब सांझा कलाकार नहीं रहा
पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के कांग्रेस ज्वाइन करने पर बादल ने कहा कि कलाकार सबका सांझा होता है मगर जब वह किसी एक राजनीतिक दल में चला जाता है तो तब वह निष्पक्ष न होकर किसी एक दल का बन जाता है। अगर वह सोचता है कि कांग्रेस में जाने से उसको फायदा हो जाएगा तो यह उसकी गलतफहमी है क्योंकि अब उसे सभी विपक्षी दलों की आलोचना का शिकार होना पड़ेगा लेकिन मैं यह जरूर कहूंगा कि हर व्यक्ति को अपना फैसला लेने का अधिकार है। 


मजीठिया और मुझे सरकार का कोई डर नहीं
सुखबीर बादल से जब बेअदबी और ड्रग मामले में सरकार की कार्रवाई का सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि हमें दोनों मामलों में सरकार का कोई डर नहीं है। पांच साल तक यह हमारे खिलाफ एक भी सबूत इक्टठा नहीं कर पाए। मैं चैलेंज करता हूं कि हमारे खिलाफ यह एक भी इल्जाम साबित करके दिखाएं। मैं यह बात जरूर कहूंगा कि राजनीतिक लाभ के लिए कांग्रेस कोई झूठा एजेंडा चलाने की साजिश कर सकती है लेकिन जनता झूठ और सच को अच्छी तरह से पहचानती है। 

क्या लंबी से चुनाव लड़ेंगे बड़े बादल?
सुखबीर से जब प्रकाश सिंह बादल के चुनाव में आने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि अभी हम तय नहीं कर पाए हैं क्योंकि हमारे लिए उनकी सेहत सबसे अमूल्य है। बाकी यह फैसला पिता जी ने खुद करना है उनका अनुभव  और उनकी शिक्षा हमेशा हमारे साथ है। 

पापा कहते हैं पंजाब में शांति रहे
सुखबीर बादल ने बताया कि वह जब भी घर जाकर प्रकाश सिंह बादल के पास बैठते हैं तो वह मुझे एक बात हमेशा बोलते हैं कि बेटा पंजाब में अमन शांति और भाईचारा हमेशा बरकरार रहना चाहिए। पंजाब तरक्की के रास्ते पर चलना चाहिए और मैं भी हमेशा उनसे वादा करता हूं कि यह मेरी पहली कोशिश रहेगी।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here

अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

News Editor

Kalash