जो सिखी नहीं संभाल सकता, वह पंजाब को क्या संभालेगा : सुखजिंदर रंधावा

punjabkesari.in Sunday, Apr 07, 2019 - 11:55 AM (IST)

गुरदासपुर(हरमनप्रीत): पंजाब के जेल और सहकारिता विभाग के कैबिनेट मंत्री सुखजिंद्र सिंह रंधावा ने आज ‘पंजाब केसरी’ के साथ बातचीत करते हुए शिअद प्रधान सुखबीर सिंह बादल के खिलाफ एक बार फिर से निशाना साधा।

उन्होंने यहां तक कह डाला कि पंथक पार्टी का जो प्रधान अपनी सिखी नहीं संभाल सकता, वह पंजाब को क्या संभालेगा। रंधावा ने कहा कि सुखबीर को आखिर क्या समस्या आन पड़ी है कि उसे सार्वजनिक तौर पर अपना गातरा साहिब (किरपाण) लोगों को दिखाकर यह सबूत देना पड़ रहा है कि वह सिख और अमृतधारी हैं। उन्होंने कहा कि सुखबीर को यह नहीं भूलना चाहिए कि पंजाब के लोग अकाली दल को नकार चुके हैं, क्योंकि इस पार्टी के जो नेता अपने गुरु के नहीं बने, वे पंजाब के लोगों के क्या बनेंगे। 

रंधावा ने बेअदबी और गोलीकांड समेत कई मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि पंजाब के लोग बादल परिवार को कभी माफ नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि अकाली दल हमेशा कांग्रेस पर कई आरोप लगाता रहा है, मगर अब सुखबीर ने स्वयं अपनी ही पार्टी के नेताओं के परिवारों में फूट डालने की नीति भी अपना ली है। इसके तहत ढींडसा परिवार में सुखबीर के कारण नया विवाद शुरू हो रहा है।

उन्होंने कहा कि इससे बड़ी दुर्भाग्य की बात क्या हो सकती है कि सुखबीर के कारण सुखदेव सिंह ढींढसा और उनके बेटे परमिंदर सिंह ढींढसा के विचार अलग-अलग हो गए हैं। रंधावा ने लोकसभा गुरदासपुर में अकाली-भाजपा गठबंधन की ओर से किसी फिल्मी अभिनेता को चुनाव मैदान में उतारे जाने की संभावना संबंधी एक सवाल के जवाब में कहा कि पंजाब और गुरदासपुर को लोगों को किसी नेता की नहीं बल्कि सेवक की जरूरत है।  इसके साथ ही उन्होंने कहा लोकसभा चुनावों में कांग्रेस राज्य में 13 सीटों  के साथ चंडीगढ़ की 14वीं सीट पर जीत हासिल करेगी।
 

swetha