रंधावा ने किया लुधियाना केंद्रीय जेल का दौरा, बैरकों का भी किया निरीक्षण

punjabkesari.in Friday, Jun 28, 2019 - 05:24 PM (IST)

लुधियाना/चंडीगढ़ः पंजाब की लुधियाना केंद्रीय जेल के कैदियों द्वारा अपने एक साथी की हिरासत में मौत के बाद की गई हिंसा एवं तोड़फोड़ के बाद राज्य के जेल मंत्री सुखजिन्दर सिंह रंधावा ने आज सुबह वरिष्ठ अधिकारियों के साथ जेल का दौरा कर हालात का जायजा लिया। रंधावा ने बैरकों समेत जेल के हर उस हिस्से का दौरा किया जहां कैदियों ने तोड़फोड़ की थी। उन्होंने हिंसा की इस घटना से बहादुरी और हिम्मत से निबटने तथा अपराधियों पर नकेल कसने के लिए जेल अधिकारियों और कर्मचारियों को पांच-पांच हजार रूपए की प्रोत्साहन राशि, प्रशस्ति प्रत्र और पदोन्नति देने का भी ऐलान किया। 



उन्होंने उन कैदियों की भी सराहना की जिन्होंने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जेल अधिकारियों की मदद की। उन्होंने कहा कि इन कैदियों को विशेष रियायतें दी जाएंगी। उनके साथ इस मौके पर पुलिस महानिदेशक(जेल) रोहित चौधरी समेत अन्य अधिकारी भी थे। चौधरी ने रंधावा को घटनाक्रम की पृष्ठभूमि की जानकारी देते हुए बताया कि इसके पीछे कुछ गैंगस्टरों द्वारा रचा गया षडंयंत्र है। गैंगस्टर जेल प्रशासन से इस बात लिए नराज थे कि उन्हें उच्च सुरक्षा वाले क्षेत्र से बाहर नहीं आने दिया जाता। इसके अलावा इनकी जेल के अंदर प्रतिबंधित चीजें लाने से रोका जाता है। 



जेल मंत्री ने चौधरी को भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन को आंसू गैस और रबड़ की गोलियां मुहैया कराने के भी निर्देश दिए जिसके इस्तेमाल से ही कैदियों की हिंसा पर काबू पाया जा सका था। रंधावा ने कल की घटना में घायल हुए जेल अधिकारियों और कैदियों के स्वास्थ्य की भी जानकारी ली जो इस समय जेल अस्पताल, सिविल अस्पताल और डीएमसी लुधियाना में भर्ती हैं। इस अवसर पर प्रधान सचिव(जेल) हुस्न लाल, पुलिस महानिरीक्षक(जेल) आर.के.अरोड़ा अैर पुलिस उपमहानिरीक्षक(जेल) एस.एस.सैनी तथा अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। 

Mohit