पटियाला में मसंदों, किलियांवाली में डोगरों और कोटकपूरा में इंसाफ पसंद लोगों की रैली : खैहरा

punjabkesari.in Saturday, Oct 06, 2018 - 09:03 AM (IST)

लम्बी/मलोट (जुनेजा): आम आदमी पार्टी के पूर्व पंजाब अध्यक्ष सुखपाल सिंह खैहरा ने कहा कि 7 अक्तूबर को पंजाब में जहां जमीर वाले लोग कोटकपूरा पहुंचकर बरगाड़ी तक रोष मार्च में हिस्सा लेने पहुंचेंगे, वहीं पटियाला में जाने वाले लोग वे होंगे जो कोटकपूरा और बहबल कलां में चली गोली और सिख नौजवानों की मौत के लिए जिम्मेदार बादलों को ठीक समझते हैं। 

सुखपाल सिंह खैहरा आज 7 अक्तूबर के इंसाफ मार्च के लिए लम्बी के गांव बुर्ज सिद्धवां में लोगों से बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील करने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि अगर पंजाब सरकार ने इसके लिए जिम्मेदार लोगों विरुद्ध कार्रवाई नहीं की तो आने वाले दिनों में वह बरगाड़ी से चंडीगढ़ तक रोष मार्च निकालेंगे जिसमें पंजाब के सभी इंसाफ पसंद लोग शामिल होंगे। उन्होंने कहा 7 अक्तूबर को पटियाला में मसंदों, किलियांवाली में डोगरों और कोटकपूरा में इंसाफ पसंद लोगों की रैली है। इसलिए फैसला लोगों ने करना है।

उन्होंने कहा कि सुखबीर बादल इंसाफ पसंद लोगों को आई.एस.आई. के एजैंट बताकर चिढ़ा रहा है जिसके लिए लोग उस पर जूतियां फैंक रहे हैं। एक सवाल के जवाब में सुखपाल खैहरा ने कहा कि आम आदमी पार्टी द्वारा 6 अक्तूबर को बरगाड़ी कांड के लिए मुख्यमंत्री के घर का घेराव किया जा रहा है।   एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि किसान पहले ही खुदकुशियों के रास्ते पर हैं। इसलिए बिना सरकारी मदद के पराली खपाने के लिए किसान 5-7 हजार रुपए प्रति एकड़ नहीं खर्च सकते। इस मौके पर रणजीत सिंह पूर्व सरपंच, इन्द्रजीत सिंह और परमजीत सिंह भी उपस्थित थे। 

swetha