सुखपाल खैहरा ने अरविंद केजरीवाल से पंजाब के 1.75 करोड़ रुपये मांगे वापिस, लगाए गंभीर आरोप
punjabkesari.in Sunday, Feb 01, 2026 - 01:27 PM (IST)
पंजाब डेस्क : कांग्रेस नेता सुखपाल सिंह खैहरा ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर गंभीर आरोप लगाते हुए मोहाली में बने हेलीपैड को लेकर सवाल खड़े किए हैं। खैहरा का कहना है कि जनता के पैसों का गलत उपयोग करके एक ऐसा हेलीपैड बनाया गया है जो इस्तेमाल के लायक भी नहीं है। इसे लेकर सुखपाल खैहरा ने अरविंद केजरीवाल से अपील की है कि वे मोहाली में हेलीपैड बनाने पर बर्बाद हुए सरकारी खजाने के 1.75 करोड़ रुपये वापस जमा करें।
खैहरा ने दावा किया कि इस परियोजना में GMADA के फंड का दुरुपयोग किया गया है। खैहरा ने कहा कि जिस स्थान पर हेलीपैड बनाया गया है, वह शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट, मोहाली की फ्लाइट लाइन में आता है। ऐसे में वहां हेलीपैड का इस्तेमाल संभव ही नहीं है। उन्होंने इसे बिना पूर्व योजना के लिया गया फैसला बताते हुए जनता के पैसों की भारी बर्बादी करार दिया।
कांग्रेस नेता ने यह भी आरोप लगाया कि इससे पहले हेलीपैड के नजदीक स्थित विकास भवन को भी GMADA पर दबाव डालकर करोड़ों रुपये खर्च कर रिनोवेट कराया गया, ताकि अरविंद केजरीवाल के वीवीआईपी ठहराव की व्यवस्था की जा सके।
सुखपाल खैरा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल किसी संवैधानिक पद पर नहीं हैं और न ही उनका पंजाब के प्रशासन से सीधा कोई संबंध है, इसके बावजूद राज्य के संसाधनों का इस तरह उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने यह भी टिप्पणी की कि इन घटनाओं से यह संदेश जाता है कि पंजाब की सरकार बाहरी लोगों के प्रभाव में चल रही है, जबकि मुख्यमंत्री भगवंत मान केवल औपचारिक भूमिका निभा रहे हैं।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

