खैहरा ने PM मोदी को लिखा पत्र, कृषि कानूनों पर जनमत संग्रह करवाएं

punjabkesari.in Tuesday, Dec 15, 2020 - 06:30 PM (IST)

चंडीगढ़ः पंजाब विधानसभा में पूर्व विरोधी पक्ष नेता व विधायक सुखपाल सिंह खैहरा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर कृषि कानूनों के मुद्दे पर प्रदर्शनकारी किसानों व सरकार के बीच विवाद को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने के लिए पंजाब व हरियाणा में विशेष जनमत संग्रह करवाने का अनुरोध किया है। 

खैहरा ने यह पत्र आज मीडिया में जारी किया जिसमें लिखा है कि चूंकि केंद्र सरकार पंजाब, हरियाणा के किसानों व जनता की आवाज की लगातार अनसुनी कर रही है और सार्वजनिक रूप से दावा करती है कि कानून किसानों के लिए अच्छे हैं जबकि किसान इनका विरोध कर रहे हैं तो क्यों न जनमत संग्रह करवाया जाए। खैहरा ने लिखा है कि प्रधानमंत्री ने 12 दिसंबर को फिक्की मंच से भी दोहराया कि इन कानूनों पर अमल किया जाएगा जो कि दर्शाता है कि सरकार ने पहले से सबकुछ तय किया हुआ है। 

खैहरा ने एक तरफ किसानों से सरकार के वार्ता करनेे और दूसरी तरफ कृषि कानूनों के पक्ष में प्रचार करने के रवैये पर आश्चर्य जताया है और कहा है कि काश भारतीय जनता पार्टी में लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सम्मान होता तो वह किसानों की जायज मांगें कब की मान चुकी होती। विधायक के अनुसार इसके विपरीत भाजपाई मंत्री किसानों को खालिस्तानी, बिचौलिये, नक्सली और पता नहीं क्या क्या बता रहे हैं जो मामले को सुलझाने के बजाय आग में घी का काम कर रहा है।

Mohit