तेल कीमतों में वृद्धि के विरुद्ध पंजाब कांग्रेस छेड़ेगी अभियान: जाखड़

punjabkesari.in Tuesday, May 29, 2018 - 09:09 AM (IST)

चंडीगढ़ः  (भुल्लर): पंजाब प्रदेश कांग्रेस तेल कीमतों में वृद्धि को लेकर मोदी सरकार के खिलाफ बड़ा अभियान छेड़ेगी। यहां प्रैस कांफ्रैंस दौरान पार्टी प्रदेशाध्यक्ष सुनील जाखड़ ने यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि 31 मई को देशव्यापी आह्वान पर जिला स्तरीय प्रदर्शनों के बाद गांव में चौपाल स्तर तक अभियान चलाकर मोदी सरकार का चेहरा बेनकाब किया जाएगा।


 कैबिनेट मंत्रियों सुखजिंद्र सिंह रंधावा और भारत भूषण आशु की मौजूदगी में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि भाजपा ने 31 मई, 2012 को मनमोहन सिंह सरकार के कार्यकाल के समय पैट्रोल और डीजल की कीमतों में वृद्धि के खिलाफ 
भारत बंद किया था जबकि उस समय अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत अधिक होने के बावजूद सरकार ने देश में तेल की कीमतों पर नियंत्रण रखा था। अब अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें कम होने के बावजूद मोदी सरकार पैट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार वृद्धि कर रही है जिससे हर वर्ग प्रभावित है। 

 

व्यापारियों के अलावा धान का सीजन आने के कारण किसानों पर तो डीजल की कीमत में वृद्धि के कारण बड़ी मार पड़ेगी। जाखड़ ने कहा कि यू.पी.ए. की सरकार दौरान 31 मई, 2012 को कच्चे तेल की अंतर्राष्ट्रीय कीमत 104.09 डॉलर प्रति बैरल थी जबकि देश में डीजल और पैट्रोल 40.91 व 73.18 रुपए प्रति लीटर था। 25 मई, 2018 को कच्चे तेल की कीमतें तेजी से कम होकर 67.50 डॉलर प्रति बैरल रह गईं परंतु डीजल और पैट्रोल क्रमवार 69.09 रुपए और 78.12 रुपए प्रति लीटर बेचा गया जिससे स्पष्ट है कि कच्चे तेल की कीमतें घटने के बावजूद केंद्र अंधाधुंध कीमतों में वृद्धि कर रहा है।

Punjab Kesari