कांग्रेस की शंभू बॉर्डर पर 14 दिसंबर को रोष रैली: जाखड़

punjabkesari.in Friday, Dec 11, 2020 - 09:10 PM (IST)

चंडीगढ़ः पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी 14 दिसंबर को शंभू बॉर्डर पर किसानों के संघर्ष के पक्ष में बड़ी रैली करने जा रही है। उन्होंने आज यहां कांग्रेस भवन में कैबिनेट मंत्रियों व विधायकों के साथ बैठक की अध्यक्षता करने के बाद यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पार्टी किसान संगठनों की ओर से जिला स्तर पर किए जाने वाले रोष प्रदर्शनों में भी सहयोग करेगी। शंभू बॉर्डर पर एक बड़ी रैली करके केंद्र सरकार तक किसानों की आवाज पहुंचाई जाएगी। यह रैली सुबह 11:00 बजे से बाद दोपहर 3:00 बजे तक होगी। 

उन्होंने इस बारे में पार्टी के मंत्रियों व विधायकों को निचले स्तर तक तैयारियां करने को कहा। जाखड़ ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा जोरदार तरीके से केंद्र के कानूनों का सच लोगों के सामने रखे जाने से किसानों के आंदोलन को बल मिला है। पार्टी पहले दिन से ही किसानों के संघर्ष के साथ खड़ी है। प्रदेश सरकार जानती है कि अगर किसान तबाह हो गया तो देश को आर्थिक तौर पर मजबूत रखना संभव नहीं रहेगा। उन्होंने बताया कि मोदी सरकार द्वारा लाए कानून नोटबंदी की तरह ही देश की आर्थिकता के लिए घातक सिद्ध होंगे। केंद्र सरकार को अहंकार का त्याग करके किसानों की बात माननी चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आग्रह किया कि वे जिद छोड़ दे व तुरंत संघर्ष कर रहे किसानों की बात सुनकर तीनों कानून रद्द करें। 

इस अवसर पर वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल, बलबीर सिंह सिद्धू, साधु सिंह धर्म सोत के अलावा विधायक तरसेम सिंह, बलविन्द्र सिंह धालीवाल, हरदेव सिंह लाडी, इंदु बाला, डा राजकुमार, गुरकीरत सिंह, लखबीर सिंह लक्खा, परमिंदर सिंह पिंकी , सत्कार कौर, देवेंद्र सिंह घुबाया, मदनलाल जलालपुर,राजेंद्र सिंह, निर्मल सिंह, श्री सुखपाल सिंह भुल्लर, राजेंद्र बेरी, सुनील दत्ती, पवन आदिआ, अंगद सैनी, हरदयाल सिंह कंबोज, पंजाब यूथ कांग्रेस अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह ढिल्लों, पंजाब महिला कांग्रेस अध्यक्ष ममता दत्ता भी उपस्थित थी।

Mohit