डेरा मुखी के साथ सांझ डालने वाला सुखबीर सिंह इंसां इस्तीफा दे : जाखड़

punjabkesari.in Monday, Oct 01, 2018 - 10:23 AM (IST)

गुरदासपुर(हरमनप्रीत/ विनोद): पंजाब कांग्रेस के प्रधान सुनील जाखड़ ने यहां कहा कि बादल परिवार अब अपना वजूद बचाने की लड़ाई लड़ रहा है। अकाली दल का असली चेहरा लोगों के सामने आ चुका है। जाखड़ ने कहा कि अकाली दल बहिबल कलां व बरगाड़ी में अपनी गलतियों का पछतावा करने की बजाए अहंकार की लड़ाई लड़ रहा है। पंजाब के लोगों व अकाली दल के कई सीनियर नेताओं की इच्छानुसार अब सुखबीर सिंह इंसां को इस्तीफा दे देना चाहिए। क्योंकि उन्होंने वोट की खातिर डेरा मुखी के साथ सांझ डाली। 

‘ढींडसा को देनी पड़ी राजनीतिक कुर्बानी’
जाखड़ ने कहा है कि पंथ के साथ गद्दारी करने के लिए सुखबीर बादल को इस्तीफा देना चाहिए था पर सुखदेव सिंह ढींडसा ने ऐसा कर अपनी जागती जमीर का प्रमाण दिया है। जाखड़ ने कैबिनेट मंत्री सुखजिंद्र सिंह रंधावा के साथ गुरदासपुर जिले के गांव कोटला खुर्द निवासी शहीद संदीप के घर परिवार के साथ दुख प्रकट किया। इसके बाद जाखड़ ने ढींडसा के त्यागपत्र पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बेशक यह शिअद का अंदरूनी मामला है पर ढींडसा ने सिद्ध कर दिया है कि पंथ के लिए उनके दिल में दर्द है।

उन्होंने कहा कि पंथ के नाम पर राजनीति करने वाले बादल परिवार ने पंथ की पीठ में छुरा घोंपने के कुकर्म किए हैं। बादल अपने सियासी करियर के दौरान कई बार कुर्बानी की बात करते आए हैं पर हर बार पहले अपने और अब पुत्र के राजनीतिक रास्ते में आने वाले लोगों की राजनीतिक कुर्बानियां लेते रहे हैं या उन्हें ऐसी कुर्बानी के लिए मजबूर करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि ढींडसा का त्याग पत्र भी ऐसी ही कुर्बानियों की अगली कड़ी है।

 

 

Vatika