पंचायत चुनाव के बाद जनता के सहयोग से लोकसभा चुनाव भी जीतेगी कांग्रेस: जाखड़

punjabkesari.in Tuesday, Jan 01, 2019 - 09:36 AM (IST)

जालंधर (धवन): पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने रविवार को हुए पंचायत चुनाव में कांग्रेस को रा’यभर में मिली भारी सफलता पर टिप्पणी करते हुए कहा है कि जनता के सहयोग से कांग्रेस ने सभी विपक्षी दलों को पराजित करने में सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि इन नतीजों से साफ हो गया है कि जनता ने कांग्रेस सरकार के दो वर्षों के शासनकाल को सराहा है।

प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि चाहे यह चुनाव पार्टी चुनाव चिन्ह पर नहीं लड़े गए परंतु जिस तरह से लोगों ने कांग्रेस समर्थक उम्मीदवारों को जिताया है, उससे पता चलता है कि लोग मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में चल रही कांग्रेस सरकार की नीतियों को पसंद कर रहे हैं। जाखड़ ने कहा कि जनता ने पिछले 10 वर्षों में अकालियों के शासनकाल को देखा था तथा उन्होंने कैप्टन सरकार के शासनकाल से उसकी तुलना की। जनता को पता है कि किस तरह से अकालियों के शासनकाल में हर तरफ माफिया राज चल रहा था। नशों का बोलबाला था जिस पर नियंत्रण पाने में कैप्टन सरकार सफल रही। कांग्रेस सरकार ने न केवल माफिया की कमर तोड़ दी बल्कि साथ ही राज्य के लोगों को सुशासन भी दिया। अधिकारियों में भी जनता के प्रति जवाबदेही लौटी है।

उन्होंने कहा कि किसानों के ऋण माफ करने, नशों पर रोक लगाने जैसे कदम कांग्रेस सरकार ने सफलतापूर्वक ढंग से उठाए, जबकि अब आने वाले दिनों में बेरोजगारों को स्मार्ट फोन देने का वायदा भी कांग्रेस सरकार पूरा करने जा रही है। जाखड़ ने पंचायत चुनावों में किसी भी प्रकार की धांधली होने से साफ इंकार करते हुए कहा कि यह आरोप वह नेता लगा रहे हैं, जो स्वयं 10 वर्षों तक सरकार में रहे हैं व इन्होंने लोकतंत्र का बुरी तरह से गला घोंटा हुआ था। अब लोग राहत महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब लोकसभा चुनाव में कांग्रेस रा’य की सभी 1& सीटें जीत लेगी क्योंकि जनता का भरोसा उसे हासिल है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी टुकड़ों में बंट चुकी है। केन्द्र की मोदी सरकार के खिलाफ जनता का मोह भंग हो चुका है। जनता अब बदलाव चाहती है तथा केन्द्र में भी कांग्रेस को लाने का मन बनाए बैठी है। 

Vatika