कांग्रेस अधिवेशन से राहुल की साख बढ़ी, राजग सरकार संसद चलने नहीं दे रही : जाखड़

punjabkesari.in Monday, Mar 19, 2018 - 05:26 PM (IST)

जालंधर (धवन): पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा है कि दिल्ली में सम्पन्न हुए कांग्रेस अधिवेशन से पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी की साख में और बढ़ौतरी हुई है तथा कांग्रेस कार्यकत्र्ताओं ने राहुल गांधी में व्यप्त सियासी क्षमताओं को समझा है।

दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन में लगातार तीन दिनों तक भाग लेते रहे जाखड़ ने कहा कि पार्टी अधिवेशन ने कांग्रेस कार्यकत्र्ताओं का मनोबल ऊंचा किया है तथा कार्यकत्र्ताओं के अंदर यह भरोसा पैदा हुआ है कि पार्टी 2019 में केन्द्र की भाजपा सरकार को हराने में सक्षम होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अधिवेशन के बाद केन्द्र की राजग सरकार के अंदर भी भय की भावना बढ़ी है तथा भाजपा नेताओं को भी अब यह लगने लगा है कि 2019 में उनकी सरकार रिपीट नहीं होगी। जाखड़ ने कहा कि केन्द्र की राजग सरकार संसद का सत्र जान बूझ कर चलने नहीं दे रही है क्योंकि उसे पता है कि कांग्रेस समेत समूचे विपक्षी दल संसद सत्र के दौरान बैंकिंग घोटालों का पर्दाफाश करेगी। उन्होंने कहा कि देश के सामने किसानी इस समय सबसे बड़ा मुद्दा बनी हुई है।

किसानों पर भारी भरकम कर्जा चढ़ा हुआ है। किसान देश में केन्द्र सरकार की तरफ देख रहे हैं परन्तु उन्हें भाजपा सरकार से कोई राहत मिलती दिखाई नहीं दे रही है। इसी तरह से व्यापारी व उद्यमी वर्ग भी मायूस है क्योंकि नोटबंदी व जी.एस.टी. के बाद से उन्हें कोई राहत नहीं मिली। उन्होंने कहा कि जो कार्य केन्द्र को करना चाहिए था, वह पंजाब में कैप्टन अमरेन्द्र सिंह के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने कर दिखाया है तथा किसान ऋण माफी के दो चरणों को पूरा कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि अब किसान भी जागरुक हो चुका है, जिसका पता महाराष्ट्र में किसानों द्वारा राज्य की भाजपा सरकार के खिलाफ निकाले गए विशाल रोष मार्च से पता चलता है।

Punjab Kesari