जाखड़ ने पंजाब में कांग्रेस व ‘आप’ के बीच गठजोड़ की संभावना को किया रद्द

punjabkesari.in Saturday, Jun 09, 2018 - 07:30 AM (IST)

जालंधर(धवन): पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने आज पंजाब में लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस तथा आम आदमी पार्टी के बीच किसी भी तरह के गठजोड़ की संभावना को रद्द कर दिया । जाखड़ ने आज ट्वीट करते हुए कहा कि कांग्रेस तथा ‘आप’  के बीच संभावित गठजोड़ की चर्चाएं पूरी तरह से अफवाहों से प्रेरित हैं तथा यह कुछ निहित स्वार्थी तत्वों द्वारा फैलाई जा रही हैं। 

उन्होंने कहा कि शाहकोट विधानसभा सीट के उप चुनाव में जिस तरह से ‘आप’ को पराजय का सामना करना पड़ा है, उसके बाद कुछ निहित स्वार्थी तत्व ‘आप ’ को पंजाब के सियासी क्षेत्रों में जीवित रखने के उद्देश्य से कांग्रेस व आप के संभावित गठजोड़ की अफवाहों को फैलाने में लगे हुए हैं।   कांग्रेस ने शाहकोट उप चुनाव जनता के सहयोग से पूरी शान से जीता है तथा उसके बाद ‘आप’  तथा अकाली-भाजपा गठबंधन दोनों राज्य की राजनीति में हाशिए पर चले गए हैं।  

कांग्रेस पंजाब में अब इतनी मजबूत है कि वह अपने बलबूते पर सभी 13 सीटों को जीतने में सक्षम होगी।  मुख्यमंत्री कै.अमरेन्द्र सिंह भी इस तरह के किसी भी संभावित गठजोड़ की संभावनाओं को रद्द कर चुके हैं। कांग्रेसी नेताओं का मानना है कि ‘आप’ में आया उभार खत्म हो चुका है तथा ‘आप’  की तरफ गया वोट बैंक भी कांग्रेस को वापस मिल गया है, इसलिए पंजाब में कांग्रेस को अपने बलबूते पर ही लोकसभा चुनाव लडऩे की तैयारियां करनी चाहिएं।

Vatika