चन्नी को सीएम बनाने के फैसले पर सुनील जाखड़ ने किया यह ट्वीट

punjabkesari.in Friday, Sep 24, 2021 - 05:39 PM (IST)

चंडीगढ़:  पंजाब कांग्रेस के सीनियर लीडर और पूर्व प्रधान सुनील जाखड़ ने चन्नी को सीएम बनाने के फैसले पर कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय प्रधान राहुल गांधी की जमकर तारीफ की। उन्होंने ट्विटर पर लिखा कि 'राज्यधर्म' का हमेशा पालन होना चाहिए। जाखड़ के इस ट्वीट ने उनके विरोधी पक्षों को सोच में डाल दिया है।  उन्होंने आगे लिखा कि चन्नी को सीएम बनाने का फैसला सिर्फ राजनीति के लिए नहीं बल्कि समाज के ताने- बाने के लिए बहुत बड़ा फैसला है। इसलिए  'राज्यधर्म' के तौर पर इसका सम्मान करना और इसे कायम रखना चाहिए। अगर इस मामले को पक्षपाती ढंग से निपटाया जाता तो पंजाब का मजबूत भाईचारा आसानी से टूट सकता है। 

जिक्रयोग्य यह है कि बीते दिनों राहुल गांधी और प्रियंका गांधी सुनील जाखड़ को चंडीगढ़ से अपने साथ ही दिल्ली ले गए थे, जहां पर उनको महत्वपूर्ण ज़िम्मेदारी देने पर गुरूवार को दिल्ली में अहम बैठकें चलतीं रही। कांग्रेसी सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस हाईकमान विशेषतौर पर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी चाहते हैं कि जाखड़ नाराज नहीं रहने चाहिए और विधानसभा चुनाव को देखते हुए उनको पार्टी गतिविधियों में सक्रिय किया जाना चाहिए। नहीं तो पार्टी के हिंदु वोट बैंक पर प्रभाव पड़ सकता है। 

जाखड़ के नज़दीकियों का मानना है कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की तरफ से जाखड़ को उपमुख्यमंत्री का पद और गृह विभाग देने की पेशकश की गई थी, जिसे सुनील जाखड़ ने ठुकरा दिया। क्योंकि राहुल चाहते थे कि जाखड़ को सरकार का हिस्सा बनाया जाए। परंतु इसके लिए जाखड़ तैयार नहीं हुए। अब पार्टी संगठन में जाखड़ को सक्रिय करने की योजना पर काम चल रहा है। 
 

पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here

अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

 

Content Writer

Sunita sarangal