पंजाब से सुनील जाखड़ भी दे सकते हैं प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा

punjabkesari.in Thursday, Mar 22, 2018 - 09:16 AM (IST)

जालंधर (रविंदर): 2019 लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी में परिवर्तन करने जा रही है। इसका संकेत राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी पार्टी के राष्ट्रीय अधिवेशन में दे चुके हैं। वह चाहते हैं कि अब देशभर में युवा कांग्रेस खड़ी की जाए और उम्रदराज नेताओं के साथ उनका तालमेल बेहतर बनाया जाए। इसके मद्देनजर अभी तक 3 प्रदेशों के अध्यक्ष अपना इस्तीफा राष्ट्रीय अध्यक्ष को भेज चुके हैं। इससे पहले गुजरात और गोवा के अध्यक्ष भी इस्तीफा दे चुके हैं। माना जा रहा है कि जल्द ही पंजाब से सुनील जाखड़ भी प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे सकते हैं, क्योंकि राहुल गांधी ने नई वर्किंग कमेटी बनानी है तो उसमें कई अच्छे नेताओं को अहम पद मिल सकता है।सुनील जाखड़ सांसद भी हैं तो पार्टी चाहेगी कि वह अपना फोकस ज्यादा दिल्ली में लगाएं। इसके लिए पंजाब से नया अध्यक्ष चुना जा सकता है। नए अध्यक्ष के हाथ कमान आते ही पार्टी राज्य में 2019 के चुनाव तैयारियों में जुट जाएगी। हालांकि प्रदेश के बड़े नेताओं का मानना है कि हाईकमान अभी पंजाब में बदलाव नहीं करना चाहेगी। सुनील जाखड़ बतौर अध्यक्ष अच्छा काम कर रहे हैं और उनका मुख्यमंत्री के साथ तालमेल भी अच्छा है। 

Punjab Kesari