प्रियंका के परिवार के खिलाफ मोदी सरकार ने ई.डी. का सहारा लियाः जाखड़

punjabkesari.in Saturday, Feb 09, 2019 - 09:54 PM (IST)

जालन्धर/दिल्ली (धवन): पंजाब प्रदेश काग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा है कि राफेल मामले में कांग्रेस को संसद की संयुक्त संसदीय समिति की जांच के सिवाय कुछ भी कबूल नहीं है क्योंकि केंद्र सरकार राफेल विमान सौदे को लेकर सही तथ्यों को छिपाने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी लगातार पिछले डेढ़ वर्षों से राफेल विमान सौदे में हुई अनियमितताओं का मामला उठाने में लगे हुए हैं तथा उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भी सीधे बहस करने की चुनौती दी हुई है जिसे आज तक मोदी ने स्वीकार नहीं किया है।

उन्होंने कहा कि अगर मोदी सरकार समझती है कि उसने राफेल विमान सौदे में कोई अनियमितता नहीं की है तो फिर वह संसद की संयुक्त संसदीय समिति से जांच करवाने से दौड़ क्यों रही है। उन्होंने कहा कि संयुक्त संसदीय समिति से जांच होने पर सारे तथ्य सामने आ जाएंगे तथा देश की जनता को पता चल जाएगा कि कितने बड़े पैमाने पर राफेल विमान सौदे में अनियमितताएं हुई हैं। 

जाखड़ ने आज दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से अन्य प्रदेशाध्यक्षों के साथ मुलाकात करने के बाद कहा कि यह मामला देश की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि जनता द्वारा जो टैक्स सरकार को दिया जाता है उसमें हेराफेरी हुई है क्योंकि जनता का पैसा खाया गया है। उन्होंने कहा कि संसद के अंदर भी राफेल विमान सौदे को लेकर केंद्र सरकार ने बहस करवाने की अनुमति नहीं दी। 

प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि चूंकि भाजपा सरकार की साख पूरी तरह से गिर चुकी है तथा उससे व्यापारी, किसान आदि सभी वर्ग बुरी तरह से नाराज हैं इसलिए अब उसने बदले की भावना की कार्रवाइयां तेज कर दी है इसी सिलसिले में प्रियंका गांधी के पति राबर्ट वाड्रा को तंग किया जा रहा है।  राफेल के मामले में आज कांग्रेस ही सरकार को घेरे में नहीं ले रही बल्कि आम जनता ने उन्हें घेरे में ले लिया है। उन्होने कहा कि प्रियंका के सक्रिय राजनीति में आने से मोदी सरकार व भाजपा दोनों ही घबरा गए हैं इसलिए उन्होंने अब प्रियंका के पति के विरुद्ध ई.डी. का सहारा लेना शुरू कर दिया है। 
 

Mohit