राफेल घोटाले व महंगाई के कारण मोदी सरकार बैकफुट पर : जाखड़

punjabkesari.in Thursday, Dec 06, 2018 - 09:50 AM (IST)

जालंधर(धवन): पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने भाजपा सरकार पर सियासी हमला तेज करते हुए कहा है कि 5 राज्यों में हो रहे विधानसभा चुनावों के नतीजे केंद्र को बता देंगे कि उसकी देश में आज स्थिति कैसी है। जाखड़ ने आज राजस्थान के अनेक क्षेत्रों में जाकर कांग्रेस के पक्ष में प्रचार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में व्यापार की हालत काफी खस्ता हो चुकी है तथा व्यापार उठ नहीं पा रहा है।

तबाही के कगार पर लाई भाजपा

केंद्र की भाजपा सरकार की पिछले 4 वर्षों की नीतियों ने देश को आर्थिक तौर पर तबाही के कगार पर ला दिया है। जाखड़ ने कहा कि मोदी सरकार ने जिस तरह से नोटबंदी व जी.एस.टी. को लागू किया उसके बाद से व्यापारिक हालात खराब होने शुरू हो गए थे। कांग्रेस ने पिछले कई महीनों से लगातार मोदी सरकार पर हमले तेज किए हैं। राफेल घोटाले व महंगाई को लेकर मोदी सरकार बैकफुट पर चल रही है। राहुल गांधी ने जिस तरह से राफेल घोटाले को बेनकाब किया है उसके बाद भाजपा की स्वयं के बेदाग होने का दावा करने की तमाम कोशिशें विफल हो गई हैं। 

जाखड़ ने कहा कि पिछले 8 महीनों में महंगाई ने देश में तमाम रिकार्ड तोड़ दिए हैं। पैट्रोल व डीजल के दाम जब आसमान को छू रहे थे तो केंद्र ने एक्साइज ड्यूटी घटाने से इंकार कर दिया। इसी तरह से गैस सिलैंडर की कीमत भी 1000 रुपए प्रति सिलैंडर को पार कर गई। कांग्रेस ने राजस्थान व मध्य प्रदेश के किसानों से वायदा किया है कि कांग्रेस सत्ता में आते ही पंजाब में कैप्टन अमरेन्द्र सिंह सरकार की तरह किसानों का कर्ज माफ करेगी। किसानों की देश में जो दुर्दशा है उसके लिए भी मोदी सरकार जिम्मेदार है। 

Vatika