पेट्रोल की किल्लत से हाहाकार, कई पेट्रोल पंपों पर महीनों से सप्लाई ठप, लोग परेशान

punjabkesari.in Tuesday, Jul 07, 2026 - 10:14 AM (IST)

सुल्तानपुर लोधी: पेट्रोल की किल्लत के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मांग के अनुसार आपूर्ति न होने और सप्लाई प्रभावित रहने से पूरे क्षेत्र में हाहाकार की स्थिति बनी हुई है। दिहाड़ी मजदूरों ने बताया कि वे सुबह पेट्रोल पंप पर केवल 100 रुपये का पेट्रोल देने की गुहार लगाते रहे, लेकिन उन्हें सप्लाई आने तक इंतजार करने के लिए कहा गया।

आम लोगों की इस समस्या को गंभीरता से देखते हुए जब "पंजाब केसरी" की टीम ने सुल्तानपुर लोधी क्षेत्र के शहरी और विभिन्न ग्रामीण पेट्रोल पंपों का दौरा किया, तो एक पेट्रोल पंप को छोड़कर लगभग सभी जगह पेट्रोल की गंभीर किल्लत देखने को मिली। स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले करीब दो महीनों से कई ग्रामीण पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल की सप्लाई प्रभावित है, जिसके चलते पंप सूने पड़े हैं और वाहन चालकों को पेट्रोल भरवाने के लिए दूर-दराज के इलाकों का रुख करना पड़ रहा है। करमजीतपुर रोड स्थित एक पेट्रोल पंप पर जब पेट्रोल मांगा गया तो कर्मचारियों ने जवाब दिया, "बाऊ जी, एक महीने से ज्यादा समय से खाली बैठे हैं।"

ग्रामीणों ने बताया कि पेट्रोल की कमी के कारण किसानों, कर्मचारियों, छोटे व्यापारियों और आम लोगों को रोजमर्रा के कामकाज में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पेट्रोल लेने के लिए दूर जाना पड़ रहा है, जिससे समय और पैसे दोनों की अतिरिक्त बर्बादी हो रही है। शहर के कपूरथला रोड स्थित पेट्रोल पंप पर जैसे ही दोपहर में पेट्रोल का टैंकर पहुंचने की सूचना लोगों को मिली, वहां बड़ी संख्या में ग्राहक इकट्ठा होने लगे। वहीं, तलवंडी चौधरियां रोड पर एक पैलेस के पास स्थित पेट्रोल पंप संचालकों ने भी पेट्रोल खत्म होने की बात कहकर ग्राहकों को निराश लौटा दिया। पेट्रोल सप्लाई को लेकर पैदा हुई इस समस्या से लोगों में भारी रोष देखने को मिल रहा है।

लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही पेट्रोल की नियमित सप्लाई बहाल नहीं की गई तो आने वाले दिनों में हालात और भी गंभीर हो सकते हैं। उनका कहना है कि इसका असर दिहाड़ी मजदूरों, रोजाना ड्यूटी पर जाने वाले सरकारी और निजी कर्मचारियों, खेती-बाड़ी, छोटे कारोबारों तथा अन्य आवश्यक सेवाओं पर भी पड़ रहा है। इलाका निवासियों ने संबंधित तेल कंपनियों, जिला प्रशासन और पंजाब सरकार से मांग की है कि इस मामले का तुरंत संज्ञान लेकर पेट्रोल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News