‘पंजाब कांग्रेस में हो सर्जिकल स्ट्राइक, राहुल गांधी से बोले- पंजाब के कांग्रेसी नेता’

punjabkesari.in Saturday, Jun 26, 2021 - 10:36 AM (IST)

चंडीगढ़(अश्वनी कुमार): पंजाब कांग्रेस को बचाना है तो सर्जिकल स्ट्राइक करनी होगी। यह बात शुक्रवार को सांसद शमशेर सिंह दूलो ने दिल्ली में राहुल गांधी से मुलाकात के दौरान कही है। पंजाब कांग्रेस में मचे घमासान के सिलसिले में दिल्ली पहुंचे दूलो के अलावा मंत्री विजय इंद्र सिंगला, विधायक राणा गुरजीत सिंह, लखवीर सिंह लक्खा व अन्य नेताओं ने राहुल गांधी के साथ मुलाकात की।

इससे पहले राहुल गांधी पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष सुनील जाखड़ सहित पंजाब के मंत्रियों, विधायकों व अन्य नेताओं से मुलाकात कर चुके हैं। वीरवार को सूरत दौरे के कारण बैठकों का सिलसिला थम गया था, लेकिन शुक्रवार को एक बार फिर राहुल गांधी ने नेताओं से मुलाकात कर नब्ज टटोलने की कोशिश की है। मुलाकात के बाद बातचीत करते हुए सांसद दूलो ने कहा कि पंजाब सरकार के पास अब केवल 3-4 महीने का वक्त बचा है। अगर इस दौरान सर्जिकल स्ट्राइक करते हुए गंभीर मसलों को न सुलझाया गया तो पंजाब कांग्रेस की छवि पर बुरा प्रभाव पड़ेगा। खासतौर पर बेअदबी-गोलीकांड, नशा, दलित बच्चों के वजीफे, शराब माफिया, किसानों के कर्जे, खेत-मजदूरों के कर्जे इन सभी मसलों को जल्द सुलझाने की जरूरत है।

‘टकसाली कांग्रेसियों को पार्टी में उचित स्थान दिया जाए’
दूलो ने कहा कि टकसाली कांग्रेसी होने के नाते राहुल गांधी से आग्रह किया कि कांग्रेस के प्रति निष्ठा रखने वालों को उचित स्थान दिया जाए, क्योंकि टकसाली कांग्रेसियों ने पूरा जीवन पार्टी को मजबूत बनाने के लिए दिया है। आतंकवाद के दौर में भी टकसाली कांग्रेसी टस से मस नहीं हुए, लेकिन कुछ सालों में पैराशूट से आने वालों को टिकट देकर विधायक बनाया गया और टकसालियों को घर बैठा दिया गया है। जो विधायक 4 साल बाद बोल रहे हैं, अ‘छा होता पहले बोलते। फिर भी देर आए दुरुस्त आए।

‘2022 की चुनावी रणनीति पर मंथन किया गया’ 
वहीं, विधायक लखवीर सिंह लक्खा ने कहा कि राहुल गांधी से मुलाकात के दौरान 2022 की चुनावी रणनीति पर मंथन किया गया। हाईकमान पंजाब के सभी नेताओं को एक सूत्र में पिरोने की कोशिश कर रही है। उम्मीद है कि जल्द ही इसके परिणाम दिखाई देंगे। विधायक राणा गुरजीत सिंह ने कहा कि राहुल गांधी के साथ पंजाब के ’वलंत मुद्दों पर बात हुई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Recommended News

Related News