स्वर्ण शताब्दी का ‘नया अवतार’ यात्रियों के मन को भाया

punjabkesari.in Monday, Apr 09, 2018 - 09:51 AM (IST)

लुधियाना (विपन): रेलवे मंत्रालय यात्रियों को सुविधाएं प्रदान करने के लिए आए दिन नई-नई योजनाएं ला रहा है। रेलवे प्रशासन द्वारा कुछ अन्य ट्रेनों के साथ दिल्ली-अमृतसर-दिल्ली स्टेशनों के मध्य चलने वाली शताब्दी ट्रेन को नया अवतार (न्यू लुक) के रूप में पेश किया गया है, जो यात्रियों को काफी पसंद आ रहा है। रेलवे प्रशासन द्वारा स्वर्ण शताब्दी के बाहरी, अंदर दिखावट (इंटीरियर लुक), सीटों व शौचालयों में बहुत बड़ा बदलाव कर दिया गया है। नया अवतार (न्यू लुक) में चलाई गई स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रैस में यात्रियों के लिए कई अन्य सुविधाएं भी बढ़ाई गई हैं।

आपे्रशन स्वर्ण के तहत शताब्दी का किया कायाकल्प
रेलवे बोर्ड द्वारा पिछले वर्ष में 14 राजधानी व 15 शताब्दी ट्रेनों में आप्रेशन स्वर्ण के तहत ट्रेनों को अपग्रेड कर यात्रियों को दी जाने वाली सुविधाओं में बढ़ौतरी करने की घोषणा की थी। इस योजना में रेलवे प्रशासन ने प्रीमियम ट्रेनों को गोल्ड स्टैंडर्ड बनाने की बात कही थी। सूत्र बताते हैं कि इस योजना के तहत ट्रेन पर 50 लाख रुपए तक खर्च कर अपग्रेड किए जाने की योजना बनाई गई थी।

अब ऐसी दिखाई देगी स्वर्ण शताब्दी
रेलवे प्रशासन द्वारा अपग्रेड कर नए अवतार (न्यू लुक) में चलाई गई ट्रेन नं. 12029 व 120&0 दिल्ली-अमृतसर-दिल्ली स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रैस के सभी डिब्बों के अंदर-बाहर दोनों तरफ बड़ा बदलाव किया गया है। ट्रेन को आरामदायक नई सीटें, यात्रा के दौरान मध्म संगीत (स्लो म्यूजिक), सी.सी.टी.वी. कैमरे, जी.पी.एस. सिस्टम, साफ-सुथरे खाद्य पदार्थ व डिब्बे के दरवाजे के साथ अग्निशमन यंत्र आदि से लैस किया गया है।

अब जान पाएंगे कितना किया सफर और कितना रहा बाकी
डिब्बों की सीट के सामने लगी स्क्रीन पर अब जी.पी.एस. सिस्टम उपलब्ध होने के चलते यात्री आसानी से जान पाएंगे कि आगे कौन सा स्टेशन आ रहा है और कौन से स्टेशन पर ट्रेन रुकेगी या बिना रुके चली जाएगी। अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए कितने कि.मी. का सफर तय कर लिया है और कितने कि.मी. शेष रह गया समेत अन्य बातों की जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकेेंगे।

Punjab Kesari