Swine Flu को लेकर सेहत विभाग अलर्ट, लोगों को सावधान रहने की अपील
punjabkesari.in Thursday, Aug 27, 2026 - 12:37 PM (IST)
बठिंडा: मौसम में बदलाव और तापमान में उतार-चढ़ाव को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने स्वाइन फ्लू और अन्य वायरल संक्रमणों से निपटने की तैयारियां तेज कर दी हैं। बठिंडा के सिविल अस्पताल में संभावित मरीजों के लिए जरूरी इंतजाम किए गए हैं। अस्पताल के मेडिकल वार्ड में 6 बेड का अलग स्वाइन फ्लू वार्ड तैयार किया गया है। यहां जरूरत पड़ने पर संदिग्ध और संक्रमित मरीजों को भर्ती कर इलाज दिया जाएगा। मरीजों के लिए जरूरी दवाइयां, मेडिकल उपकरण और स्टाफ की व्यवस्था भी की गई है।
अस्पताल में बनाया फ्लू कॉर्नर
एसएमओ डॉ. अरुण बांसल ने बताया कि अस्पताल की इमरजेंसी के पास विशेष फ्लू कॉर्नर बनाया गया है। यहां बुखार, खांसी, गले में खराश, शरीर में दर्द, कमजोरी और सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण वाले मरीजों की जांच की जाएगी। जरूरत पड़ने पर मरीज का सैंपल लेकर आगे की जांच करवाई जाएगी। उन्होंने बताया कि संदिग्ध मरीजों के आरटीपीसीआर टेस्ट की सुविधा अस्पताल की लैब में ही उपलब्ध रहेगी। इससे मरीजों की जांच में समय कम लगेगा और जरूरत के अनुसार इलाज जल्द शुरू किया जा सकेगा।
लक्षण दिखने पर डॉक्टर से संपर्क की अपील
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से मौसम बदलने के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है। विभाग ने कहा कि तेज बुखार, लगातार खांसी, गले में खराश, ज्यादा कमजोरी या सांस लेने में परेशानी होने पर खुद से दवा लेने के बजाय डॉक्टर से संपर्क करें।लोगों को भीड़ वाली जगहों पर सावधानी बरतने, खांसते या छींकते समय मुंह ढकने और हाथों की सफाई का ध्यान रखने की सलाह दी गई है।

