15,000 रुपए रिश्वत लेते ADC (जनरल) के रीडर को रंगे हाथों पकड़ा (Watch Video)

punjabkesari.in Friday, Nov 30, 2018 - 11:01 AM (IST)

होशियारपुर(अश्विनी): विजीलैंस ब्यूरो होशियारपुर यूनिट के अधिकारियों ने आज सायं ए.डी.सी. (जनरल) के रीडर शकील सिंह को गांव मुरादपुर गुरु के एक व्यक्ति गुरदेव सिंह से 15,000 रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया।

यह जानकारी देते हुए एस.पी. विजीलैंस ब्यूरो प्रवीण कंडा ने आज देर सायं बताया कि गुरदेव सिंह की बुआ की 11 कनाल जमीन थी। उसकी 2012 में मौत के बाद 4 लोगों ने जमीन का जाली इंदराज अपने नाम करवा लिया था। इस संबंध में एस.डी.एम. की अदालत में केस चल रहा था। एस.डी.एम. के फैसले के बाद गुरदेव सिंह ने इसकी अपील ए.डी.सी. (जनरल) के पास की थी। ए.डी.सी. ने 22 नवम्बर को केस पुन: एस.डी.एम. के पास भेजने का फैसला किया था। रीडर ने ए.डी.सी. के फैसले के बारे में गुरदेव सिंह को नहीं बताया व उसे कहता रहा कि वह फैसला उसके पक्ष में करवा देगा। इसके लिए उसने कथित तौर पर 25,000 रुपए की रिश्वत की मांग की। कंडा ने बताया कि बाद में 15,000 रुपए रिश्वत देने पर बात तय हो गई।

गुरदेव सिंह ने इस संबंध में विजीलैंस ब्यूरो के अधिकारियों को सूचित किया। विजीलैंस अधिकारियों की टीम ने एस.पी. कंडा के नेतृत्व में सरकारी व प्राइवेट गवाहों की मौजूदगी में शकील सिंह को रिश्वत लेते हुए काबू कर लिया। एस.पी. ने बताया कि शकील सिंह के विरुद्ध भ्रष्टाचार एक्ट की धारा 7 (संशोधित 2018) के अधीन केस दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपी को 30 नवम्बर को अदालत में पेश करके उसका पुलिस रिमांड प्राप्त किया जाएगा।

Vatika