Amritsar में करोड़ों की जमीन की रजिस्ट्री से छेड़छाड़, DC ने DRO को सौंपी जांच

punjabkesari.in Friday, Oct 16, 2026 - 09:59 AM (IST)

अमृतसर (नीरज) : रजिस्ट्री दफ्तर वन में न्यू अमृतसर के इलाके की करोड़ों रुपए कीमत की जमीन की रजिस्ट्री के दस्तावेजों के साथ छेड़छाड़ करने के मामले में डी.सी. दलविन्दरजीत सिंह ने डी.आर.ओ. नवकीरत सिंह रंधावा को जांच करने के आदेश जारी कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार डी.सी. ने डी.आर.ओ. रंधावा को सभी पक्षों के बयान दर्ज करने जिसमें खरीदने वाले से लेकर बेचने वाले, सब-रजिस्ट्रार-1 जिसने रजिस्ट्री को तस्दीक किया और महिला क्लर्क के अलावा हर वह कर्मचारी जिसने रजिस्ट्री को रजिस्टर्ड करने में भूमिका निभाई, के बयान लेने के बाद फाइल को उनके समक्ष पेश करने के लिए कहा है।

दस्तावेजों के साथ छेड़छाड़ करने के मामले को वैसे भी डी.सी. बहुत गंभीरता से लेते हैं। हाल ही में 9 जाली रजिस्ट्रियों के मामले में भी डी.सी. ने डी.आर.ओ. व एस.डी.एम. दफ्तर से जांच रिपोर्ट लेने के बाद पुलिस कमिश्नर को एफ.आई.आर. दर्ज करने के निर्देश दिए थे और इस मामले में भी एफ.आई.आर. होना लगभग तय माना जा रहा है क्योंकि दस्तावेजों के साथ छेड़छाड़ हुई है और यह किसने की है वह जांच के बाद सामने आ ही जाएगा। दूसरी तरफ डी.सी. के आदेश मिलने के बाद डी.आर.ओ. नवकीरत सिंह रंधावा ने भी अपनी जांच शुरु कर दी है।

एक-दूसरे को बेकसूर बताते रहे सब-रजिस्ट्रार व महिला क्लर्क

करोड़ों रुपए की जमीन की रजिस्ट्री के दस्तावेजों के साथ किसने छेड़छाड़ की है और कैसे की है, इस संबंध में सब-रजिस्ट्रार व महिला क्लर्क दोनों ही खुद को बेकसूर बता रहे हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिरकार दस्तावेजों के साथ छेड़छाड़ करने वाला कौन है। मौजूदा हालातों में सभी आरोपियों की तरफ से एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला शुरु हो चुका है।

डी.सी. दफ्तर कर्मचारी यूनियन ने भी शुरु की जांच

दस्तावेजों के साथ छेड़छाड़ करने के मामले में डी.सी. दफ्तर कर्मचारी यूनियन की तरफ से भी अपने स्तर पर जांच शुरु की गई है और सब-रजिस्ट्रार के साथ बैठक भी की गई जिसमें महिला क्लर्क व अन्य पदाधिकारियों को भी शामिल किया गया। जिला प्रधान असुनील कुमार शर्मा ने कहा कि सरकारी दफ्तर में दस्तावेजों के साथ छेड़छाड़ होना बहुत ही गलत बात है, इसको बर्दाशत नहीं किया जाएगा। शर्मा ने कहा कि यूनियन सच के साथ खड़ी है और सच्चाई का पता लगाया जाएगा।

पटवारी ने रोका जमीन का इंतकाल

सब-रजिस्ट्रार वन लखविन्दर सिंह की तरफ से हलका पटवारी सुल्तानविंड सब-अर्बन तरफ बहनीवाल को संबंधित रजिस्ट्री का इंतकाल रोकने के निर्देश दिए गए थे ताकि शरारती तत्व अपने मंसूबों को अंजाम ना दे सकें। सब-रजिस्ट्रार के अनुसार दलजीत सिंह पुत्र सुरिन्दर सिंह की तरफ से एक दस्तावेज रजिस्टर्ड करवाया गया था जिसमें कुछ शरारती तत्वों ने रजिस्ट्री दस्तावेजों में हेराफेरी करके कागजात बदलकर नंबर खसरा 1256 मिन के स्थान पर 1255 मिन की रजिस्ट्री धोखे के साथ करवाकर विभाग के साथ धोखाधड़ी की। इसलिए रजिस्ट्री का दस्तावेज नंबर 2.26-27-89-1-9751 का इंतकाल दर्ज करने से रोका जाए। सब-रजिस्ट्रार से आदेश मिलने के बाद संबंधित पटवारी ने भी जमीन का इंतकाल रोक दिया है।

कहीं रजिस्ट्री दफ्तर में तो नहीं आ गया एच.आर.सी. ब्रांच का भूत

एच.आर.सी. ब्रांच में भी पिछले महीनों के दौरान एक बहीखाता कमरा नंबर 128 से गायब हो गया था और रहस्यमयी तरीके से फिर से एच.आर.सी. ब्रांच के रिकार्ड रूम के बाहर गिरा मिला। इसमें व्यंग्य किया जा रहा था कि कहीं एच.आर.सी. ब्रांच में कोई भूत तो नहीं है जो नजर नहीं आता है। कुछ इसी प्रकार के हालात रजिस्ट्री दफ्तर-1 में भी बने हुए हैं। हर कोई दावा कर रहा है कि दस्तावेजों से छेड़छाड़ उसने नहीं की है, यदि किसी ने नहीं की है तो क्या भूत ने की है।

सभी पहलुओं की जांच की जाएगी: डी.आर.ओ. नवकीरत सिंह रंधावा

डी.आर.ओ. (जिला माल अफसर) नवकीरत सिंह रंधावा ने कहा कि सरकारी दस्तावेजों के साथ छेड़छाड़ करने का मामला काफी गंभीर है। पहले भी ऐसे शरारती तत्वों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई थी और अब भी इस साजिश के पीछे काम करने वाले शरारती तत्वों के खिलाफ कार्रवाई होगी। चाहे वह सरकारी कर्मचारी हो या फिर कोई प्राइवेट व्यक्ति हो, सभी पहलुओं की जांच होगी।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News