लैंड क्रूजर के VIP Number से कथित छेड़छाड़, लुधियाना के व्यक्ति पर केस दर्ज

punjabkesari.in Saturday, Aug 01, 2026 - 03:27 PM (IST)

फरीदकोट (राजन): जाली दस्तावेज तैयार कर एक लैंड क्रूजर के वीआईपी रजिस्ट्रेशन नंबर के कथित दुरुपयोग के मामले में थाना सिटी-2 फरीदकोट पुलिस ने लुधियाना निवासी एक व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार भोलूवाला रोड, फरीदकोट निवासी तेजिंदर सिंह सेखों की शिकायत की जांच के दौरान सामने आया कि उनके रिश्तेदार नत्था सिंह ने कुछ समय पहले एक लैंड क्रूजर गाड़ी खरीदी थी। गाड़ी खरीदने के बाद वह विदेश चले गए, जहां बाद में उनकी मृत्यु हो गई। आरोप है कि इस दौरान गाड़ी के स्वामित्व और रिकॉर्ड के साथ कथित छेड़छाड़ कर फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि दीपक शर्मा पुत्र सुरेंद्र कुमार निवासी चंद्र नगर, सिविल लाइंस, लुधियाना ने कथित तौर पर कुछ कार्यालय कर्मचारियों की मिलीभगत से लैंड क्रूजर के फर्जी दस्तावेज तैयार करवाए। इसके बाद उसने लैंड क्रूजर का वीआईपी रजिस्ट्रेशन नंबर अपनी एक्टिवा स्कूटर पर अवैध रूप से लगवा लिया, जबकि एक्टिवा का रजिस्ट्रेशन नंबर लैंड क्रूजर के रिकॉर्ड में दर्ज करवा दिया।

पुलिस द्वारा की गई विभागीय जांच और शिकायत की पड़ताल के बाद आरोपों की पुष्टि होने पर उच्च अधिकारियों की मंजूरी से आरोपी के खिलाफ थाना सिटी-2 फरीदकोट में धोखाधड़ी, जालसाजी और फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल संबंधी विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News