तरनतारन ब्लास्टः बिक्रमजीत ने बम टैस्ट करने के लिए ब्यास-रईया सड़क के पास किया था धमाका

punjabkesari.in Sunday, Sep 22, 2019 - 08:21 AM (IST)

तरनतारन(रमन): गांव पंडोरी गोला में विगत 4 सितम्बर की रात खाली प्लाट में हुए हाई एक्सप्लोसिव ब्लास्ट में दो व्यक्तियों की मौके पर मौत हो गई थी, जबकि जख्मी गुरजंट सिंह का इलाज चल रहा है। इस मामले में पहले काबू मानदीप सिंह मस्सा पुत्र सीतल सिंह निवासी दीनेवाल को पुलिस ने 5 दिनों के रिमांड के बाद जेल भेज दिया है। एन.आई.ए. की टीम मामले की जांच के लिए जल्द तरनतारन पहुंच सकती है। 

आस्ट्रिया में बैठा है मुख्य साजिशकर्ता 
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में खुलासा हुआ है कि अपने 7 साथियों के साथ आस्ट्रिया में बैठा मुख्य साजिशकर्ता और सरगना बिक्रमजीत सिंह उर्फ ग्रंथी अपने पुराने घर गेट हकीमां में विस्फोटक सामग्री तैयार करता था। अपने बनाए बमों को टैस्ट करने के लिए बिक्रमजीत सिंह व गुरजंट सिंह ने 25 मई 2016 को ब्यास-रईया सड़क के पास लिंक रोड पर धमाका किया था। उसने 2016 में घल्लूघारे सप्ताह में एक धार्मिक स्थान पर कई लोगों कोकट्टरपंथी बनाया था। तरनतारन में 7 मार्च 2016 को सिख प्रचारक की गाड़ी पर 2 बमों से हमला बिक्रमजीत सिंह और गुरजंट सिंह ने किया था। उसने गांव पंजवड़ और बछाड़े में गुरजंट सिंह के घर आई.ई.डी. बनाने की ट्रेनिंग दी थी। इसके बाद बिक्रमजीत सिंह जुलाई 2018 में आर्मेनिया के रास्ते आस्ट्रिया जा पहुंचा। इसके अलावा गांव बछाड़े के सरपंची चुनावों में उम्मीदवार भगवान सिंह के घर पर हरजीत सिंह, गुरजंट सिंह और विक्की गिल ने 2 जनवरी 2019 को चार बमों से हमला किया था। 

ये आरोपी हैं अभी रिमांड पर
इस मामले में गिरफ्तार 6 अन्य आरोपियों में अमृतपाल सिंह पुत्र सरबजीत सिंह निवासी बछाड़े, चन्नदीप सिंह पुत्र हरवंत सिंह निवासी मल्ली मार्कीट डेरा रोड बटाला, मनप्रीत सिंह पुत्र मुखतियार सिंह निवासी मुरादपुरा, हरजीत सिंह पुत्र हरदेव सिंह निवासी पंडोरी गोला, मलकीत सिंह पुत्र दिलबाग सिंह निवासी कोटला गुजरा, अमरजीत सिंह पुत्र लखविंदर सिंह निवासी फतेहगढ़ साहिब अभी पुलिस रिमांड पर हैं। 

शराब के ठेके पर हमला कर विदेश भाग गए थे ये आरोपी
पूछताछ में यह भी सामने आया है कि अन्य आरोपियों में गुरप्रीत सिंह (कैलीफोर्निया), गुरविंदर सिंह प्रिंस (संजोस, कैलीफोर्निया), सोढी सिंह (आर्मेनिया), अरविंदर सिंह हनी, कुलदीप सिंह, रणजीत सिंह बबलू 3 मई 2016 को एक शराब ठेके पर हमला कर अगले दिन अमरीका भाग गए थे। 

swetha