कांग्रेस की अंदरूनी लड़ाई पर BJP का हमला, तरुण चुग ने खोली कई परतें
punjabkesari.in Thursday, Jul 09, 2026 - 03:37 PM (IST)
पंजाब डेस्क : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद तरुण चुग ने पंजाब कांग्रेस में मची घमासान और आलाकमान के रवैये पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस की तानाशाही, परिवारवाद और परिक्रमावाद की कार्यशाला एक बार फिर बेनकाब हो गई है। उन्होंने कहा कि गांधी-नेहरू परिवार पंजाब के साथ गुड्डे-गुड़ियों का खेल खेल रहा है और पंजाब की भावनाओं को निर्जीव गुड्डा-गुड़िया समझकर दिल्ली दरबार से राजनीतिक फरमान जारी किए जा रहे हैं। पंजाब की जनता की आवाज को दिल्ली दरबार के तानाशाही व्यवहार से कुचला जा रहा है।
चुग ने कहा कि कांग्रेस ने पिछले सात दशकों में पंजाब को कभी सम्मान और साझेदारी की दृष्टि से देखा ही नहीं, बल्कि हमेशा अपनी प्रयोगशाला बनाकर रखा। चाहे पंजाबी सूबे का मौका हो, पंजाब के पानी का सवाल हो, चंडीगढ़ का मुद्दा हो या 1984 का सिख कत्लेआम — हर मोड़ पर कांग्रेस ने पंजाब के साथ विश्वासघात किया। पंजाब के लोग उस कांग्रेस की नीति, नीयत और नेतृत्व को कभी माफ नहीं कर सकते जिसने सिखों के गले में टायर डालकर जिंदा जलाया, जिसने पंजाब को आतंकवाद की प्रयोगशाला बनाया और जिसने पंजाब को ज्वालामुखी पर दहकने के लिए छोड़ दिया।
उन्होंने कहा कि कोई कितनी भी सफाई दे, कांग्रेस की अंदरूनी कलह की चरम सीमा की सच्चाई अब किसी से छुपी नहीं है। अगर सब कुछ ठीक है तो कई वरिष्ठ नेता महत्वपूर्ण बैठकों से दूरी बनाकर दिल्ली में डेरा डालकर क्यों बैठे हैं? कांग्रेस में हर दिन सत्ता का नया शक्ति-संघर्ष और गुटबाजी की नई पराकाष्ठा सामने आ रही है। यह पार्टी आज जनता की कोई लड़ाई नहीं लड़ रही, पंजाब के किसी मुद्दे पर नहीं है — आज कांग्रेस केवल नेताओं की कुर्सी, नेताओं के अहंकार और नेताओं की नाक की लड़ाई लड़ रही है।
चुग ने कहा कि जिस पार्टी के नेता एक-दूसरे पर भरोसा नहीं कर पा रहे, जाति के आधार पर एक-दूसरे को नीचा दिखा रहे हों और खुद पूर्व मुख्यमंत्री सामने आकर कह रहे हों कि कांग्रेस पार्टी में एससी समाज के कार्यकर्ताओं के साथ जानबूझकर दुर्व्यवहार और धक्का किया जा रहा है, उन्हें पीछे धकेला जा रहा है — वह पार्टी पंजाब को स्थिर नेतृत्व देने का दावा कैसे कर सकती है? पंजाब की जनता कांग्रेस के दावों से नहीं, उसके बिखरे हुए हालातों से परिचित है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी आज एक एक्सपायर्ड इंजेक्शन बन चुकी है और पंजाब में पूरी तरह समाप्त हो चुकी है। पराक्रमवादी कांग्रेसी नेता पार्टी छोड़ चुके हैं, अब बचा है केवल परिक्रमावादियों और महापरिक्रमावादियों का झुंड, जिनमें झगड़ा सिर्फ इस बात का है कि गांधी-नेहरू परिवार की परिक्रमा में आगे कौन रहेगा। जमीन पर कांग्रेस का कोई नहीं है। यह बिखरा हुआ कुनबा बता रहा है कि कांग्रेस अफसरवादी राजनीति में डूबी है, हर नेता अपनी खाल बचा रहा है और किसी के पास पंजाब का कोई रोडमैप नहीं है।
चुग ने आम आदमी पार्टी की सरकार पर भी हमला बोलते हुए कहा कि आप ने हर फसल पर टॉप-अप और 21 फसलों पर एमएसपी का वादा किया था, लेकिन एक भी फसल पर राज्य की ओर से एमएसपी नहीं दी, जबकि हरियाणा की भाजपा सरकार 18 फसलों पर एमएसपी दे रही है। हर घर नौकरी, हर महिला को सहायता राशि, हर खेत को पानी, 24 घंटे बिजली — हर वादा अधूरा रहा। स्वास्थ्य क्रांति और शिक्षा क्रांति में पूर्णतः फेल यह सरकार कानून-व्यवस्था में भी पूरी तरह विफल है — करीब दो दर्जन ग्रेनेड हमले हुए, 19 ग्रेनेड हमले पुलिस थानों पर हुए, मंदिर और गुरुद्वारे में गोलियां चलीं और पुलिस मुख्यालय पर रॉकेट लांचर से हमला हुआ।
उन्होंने कहा कि आज पंजाब के गांव-गांव में एक ही चर्चा है — न चाहिए 'आपदा', न चाहिए 'कापदा', पंजाब मांगे भाजपा। आम आदमी पार्टी 'आपदा' है जिसकी हवस ने पंजाब को डिजास्टर दिया और कांग्रेस 'कापदा' है — जो कुछ कर नहीं सकते, केवल पद चाहते हैं। पंजाब की जनता जानती है कि न कांग्रेस कुछ कर पाई, न आम आदमी पार्टी कुछ कर रही है। अगर पंजाब को पौने 5 लाख करोड़ रुपये के वित्तीय कर्ज, ड्रग्स के दलदल और बिगड़ी कानून-व्यवस्था के चंगुल से कोई निकाल सकता है, तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन की सरकार ही निकाल सकती है, क्योंकि भाजपा के पास पंजाब के लिए स्पष्ट रोडमैप है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

