गुलजार सिंह के परिवार से मिले तरुण चुघ, परिजनों के साथ दुख साझा कर दिया न्याय का भरोसा
punjabkesari.in Wednesday, Sep 16, 2026 - 06:58 PM (IST)
चंडीगढ़/संगरूर : भाजपा के राष्ट्रीय मुख्यालय प्रभारी एवं सांसद तरुण चुघ ने आज संगरूर जिले के तूर बंजारा गांव पहुंचकर दिवंगत गुलजार सिंह के परिवार से मुलाकात की और उनकी माता सहित अन्य परिजनों के साथ दुख साझा किया। गुलजार सिंह की मौत की परिस्थितियों को बेहद गंभीर और पीड़ादायक बताते हुए चुघ ने कहा कि परिवार ने असहनीय पीड़ा झेली है और भाजपा इस कठिन समय में परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने परिवार को न्याय के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए कहा कि यह घटना पंजाब में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े करती है।

चुघ ने कहा कि गुलजार सिंह ने अपने गांव में खुलेआम बिक रहे नशे और नशे की गिरफ्त में जा रहे बच्चों को लेकर आवाज उठाई थी तथा इस संबंध में शिकायत भी की थी। उन्होंने सवाल किया कि क्या भगवंत मान सरकार में नशे के खिलाफ शिकायत करना ही गुनाह हो गया है? चुघ ने कहा कि परिवार द्वारा दबाव, धमकियों और गुलजार सिंह के आत्महत्या के प्रयास के बाद उनके साथ किए गए कथित व्यवहार को लेकर गंभीर बातें सामने रखी गई हैं। परिवार का आरोप है कि उन्हें समय पर चिकित्सा सहायता नहीं मिली और कई घंटों तक इधर-उधर ले जाया गया। इन सभी आरोपों की निष्पक्ष और गहन जांच आवश्यक है।
चुघ ने कहा कि वह जल्द ही यह पूरा मामला केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के समक्ष उठाएंगे और केंद्रीय एजेंसी से जांच की मांग करेंगे, ताकि किसी राजनीतिक या प्रशासनिक दबाव के बिना सच्चाई सामने आ सके। उन्होंने कहा कि परिवार ने उन्हें बताया है कि उन्हें अब भी कथित रूप से दबाव और धमकियों का सामना करना पड़ रहा है। चुघ ने परिवार से पूरी जानकारी लिखित रूप में देने को कहा है, ताकि इसे गृह मंत्री के समक्ष रखा जा सके। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से भी कहा कि उन्होंने आम आदमी पार्टी की नहीं, बल्कि भारत के संविधान की शपथ ली है और उनका दायित्व नागरिकों को न्याय देना, दोषियों को पकड़ना और पीड़ित परिवार की रक्षा करना है।
चुघ ने पंजाब सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग करते हुए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा के तत्काल इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा कि गुलजार सिंह के मृत्यु पूर्व बयान में जिन-जिन लोगों के नाम लिए गए हैं, उनके खिलाफ कानून के अनुसार मामले दर्ज कर उनकी भूमिका की जांच की जानी चाहिए। गुलजार सिंह की मौत से पहले की परिस्थितियों, उन्हें कथित रूप से समय पर चिकित्सा सहायता न मिलने तथा अंतिम संस्कार को लेकर परिवार द्वारा लगाए गए आरोपों की भी पुलिस रिकॉर्ड, मेडिकल रिकॉर्ड और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच होनी चाहिए। चुघ ने कहा कि सच्चाई सामने आनी चाहिए और जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
चुघ ने कहा कि यह मामला पहले ही राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग और राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के संज्ञान में लाया जा चुका है और उन्होंने पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय द्वारा पुलिस जांच पर स्टेटस रिपोर्ट मांगे जाने का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि गुलजार सिंह के साथ कथित व्यवहार, चिकित्सा सहायता में कथित देरी और उनके अंतिम संस्कार से संबंधित परिवार के आरोपों ने मामले की गंभीरता को और बढ़ा दिया है। उन्होंने कहा कि जांच निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध होनी चाहिए तथा परिवार को आगे किसी भी प्रकार के दबाव या भय से मुक्त रखा जाना चाहिए। भाजपा न्याय के लिए हर उचित संवैधानिक और कानूनी मंच पर इस मामले को उठाएगी।
चुघ ने कहा कि गुलजार सिंह की घटना पंजाब में नशे और कानून-व्यवस्था के बड़े संकट को सामने लाती है। उन्होंने कहा कि पंजाब के गांवों और मोहल्लों में नशे के कारण परिवार तबाह हो रहे हैं और आम लोग अपने आसपास नशे से होने वाली मौतों की पीड़ा झेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों को डराने के बजाय उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। चुघ ने कहा कि भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल की सरकार केवल नशा विरोधी दावों और अभियानों से समस्या खत्म नहीं कर सकती, बल्कि नशे के नेटवर्क के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई और शिकायतकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करनी होगी। उन्होंने दोहराया कि भाजपा गुलजार सिंह के परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और न्याय मिलने तक हर उचित मंच पर संघर्ष जारी रखेगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

