पत्नी के साथ अवैध संबंधों के संदेह में अध्यापक की हत्या

punjabkesari.in Tuesday, Oct 29, 2019 - 06:38 PM (IST)

मलोट(गोयल): एक ही स्कूल में अध्यापक व मिड-डे-मील योजना के अंतर्गत कार्यरत महिला के आपसी अवैध संबंधों के संदेह के चलते उक्त महिला के परिजनों द्वारा अध्यापक की हत्या का मामला सामने आया है। 

मलोट के निकटवर्ती गांव जण्डवाला चढ़त सिंह के निवासी सरदूल सिंह सपुत्र इकबाल सिंह ने थाना सिटी मलोट पुलिस को दर्ज करवाई अपनी शिकायत में बताया कि उसका भाई उदयपाल सिंह अपने पिता के साथ खेतों में चारा लेने के लिए गया था। इसी दौरान उसके भाई उदयपाल सिंह को सोहन सिंह व उसके बेटे लवप्रीत सिंह का फोन आया। उदयपाल सिंह ने अपने पिता को बताया कि सोहन सिंह व लवप्रीत सिंह ने उसे बुलाया है। वह उनसे मिलकर अभी आता है। यह कहकर उसका भाई उदयपाल सिंह चला गया। सरदूल सिंह ने पुलिस को की शिकायत में बताया कि सोहन सिंह, उसके बेटे लवप्रीत सिंह व दो अन्य अज्ञात लोगों ने उसके भाई उदयपाल सिंह के हाथ बांधकर नहर में फैंक दिया। सरदूल सिंह ने यह भी शक जाहिर किया कि हो सकता है कि नहर में फैंकने से पहले उसकी हत्या की गई या फिर उसे जिंदा ही नहर में फैंक दिया। 

सरदूल सिंह ने आरोप लगाया कि सोहन सिंह की पत्नी उसी स्कूल में मिड-डे-मील में काम करती थी जहां उसका भाई अध्यापक लगा हुआ था। सोहन सिंह को संदेह था कि उदयपाल सिंह के उसकी पत्नी के साथ अवैध संबंध हैं। थाना सिटी मलोट पुलिस ने सोहन सिंह, उसके पुत्र लवप्रीत सिंह व दो अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच थाना सिटी मलोट के प्रभारी जसवीर सिंह कर रहे हैं।

Vaneet