दीनानगर के बूथ में EVM तकनीकी खराबी, नतीजे घोषित नहीं हुए; दोबारा होगी वोटिंग
punjabkesari.in Saturday, Jun 13, 2026 - 06:18 PM (IST)
दीनानगर (हरजिंदर गोराया): दीनानगर के वार्ड नंबर-6 स्थित बूथ नंबर-9 पर ईवीएम मशीन में तकनीकी खराबी आने के कारण मतदान का परिणाम घोषित नहीं किया जा सका।
जानकारी के अनुसार, सुबह मतदान शुरू होने के कुछ ही समय बाद ईवीएम मशीन खराब हो गई थी। इसके बाद प्रशासन ने वहां नई मशीन लगाकर दोबारा मतदान की प्रक्रिया शुरू करवाई। शाम को जब दोनों मशीनों में दर्ज वोटों का मिलान कर परिणाम घोषित किया जाना था, तब पहली मशीन की डिस्प्ले खराब होने के कारण उसमें दर्ज वोटों की गिनती नहीं हो सकी। इस तकनीकी समस्या के चलते प्रशासन बिना मतगणना किए दोनों ईवीएम मशीनों को अपने साथ गुरदासपुर ले गया।
इस दौरान निर्दलीय उम्मीदवार सीमा देवी के पति विजय कुमार ने बताया कि सुबह से ही ईवीएम मशीन में दिक्कत आ रही थी। बाद में फिर से तकनीकी खराबी आने के कारण इस बूथ का परिणाम घोषित नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने दोबारा मतदान कराने का आश्वासन दिया है और मशीनें अपने साथ ले गया है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि इस बूथ पर पुनर्मतदान की तारीख कब घोषित की जाएगी।


