नेशनल हाईवे पर भयानक हादसा, ट्राली के साथ टक्कर के बाद जल कर राख हुई कार

punjabkesari.in Tuesday, Apr 14, 2026 - 11:49 AM (IST)

तपा मंडी (शाम, गर्ग): बरनाला-बठिंडा रोड पर ओवरब्रिज पर रात करीब 9 बजे एक गंभीर सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक चलती कार ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई और बाद में आग लगने से पूरी तरह जलकर राख हो गई।

मौके से मिली जानकारी के मुताबिक नवीन वर्मा अपने साथी केशव कुमार के साथ चंडीगढ़ से बठिंडा जा रहे थे। जब वे ओवरब्रिज पर पहुंचे तो उनकी कार आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली पर न तो रिफ्लेक्टर लगा था और न ही पीछे की लाइट जल रही थी। इसके अलावा ओवरब्रिज पर स्ट्रीट लाइटें भी बंद थीं, जिससे ड्राइवर को आगे वाहन का अंदाजा नहीं लग सका और हादसा हो गया।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार ट्रैक्टर-ट्रॉली में फंस गई। इसी बीच ट्रैक्टर-ट्रॉली का मालिक कार को हटाने के लिए गाड़ी को आगे-पीछे करने लगा तो घर्षण के साथ स्पार्किंग हो गई। स्पार्किंग से कार के पेट्रोल टैंक में आग लग गई, जो कुछ ही देर में भीषण आग में बदल गई। आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते पूरी कार जलकर खाक हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें जसप्रीत सिंह, हरप्रीत सिंह और ड्राइवर बेअंत सिंह के नेतृत्व में  मौके पर पहुंचीं। उनके द्वारा आग पर काबू पाया गया और स्थिति को नियंत्रित किया गया। 

सौभाग्य से, दुर्घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन कार पूरी तरह से नष्ट हो गई। यह हादसा सड़क सुरक्षा इंतजामों पर भी सवाल उठाता है, खासकर रात के समय बिना लाइट और रिफ्लेक्टर के वाहनों का चलना गंभीर खतरा बनता जा रहा है। घटना का पता चलने पर चौकी प्रभारी बलजीत सिंह ढिल्लों और थानेदार हरविंदरपाल सिंह के नेतृत्व में टीम ने जाम खुलवाया और 112 पुलिस वाहन भी मौके पर पहुंच गया।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News