पंजाब में बड़ी साजिश रचने वाला खतरनाक आतंकवादी गुरदेव जालंधर से गिरफ्तार

punjabkesari.in Wednesday, Sep 25, 2019 - 09:37 PM (IST)

अमृतसर/जालंधर(संजीव): पंजाब के खुफिया विभाग स्टेट स्पैशल आप्रेशन सैल ने आज कुख्यात आतंकवादी गुरदेव सिंह को जालंधर के पी.ए.पी. चौक से 3 लाख की जाली भारतीय करंसी सहित गिरफ्तार किया है। गुरदेव सिंह पिछले करीब 15 वर्षों से जर्मन में बैठ पंजाब में आतंकी गतिविधियों को बढ़ावा दे रहे गुरदेव सिंह बग्गा ऊर्फ डाक्टर का भाई है, जिसे पहले भी 2018 में एस.एस.ओ.सी. थाइलैंड से डिपोर्ट कर भारत लेकर आई थी। बेल पर छूट जाने के बाद गुरदेव सिंह फिर से भूमिगत हो गया था, जिसे सुबह माननीय अदालत में पेश करने के बाद पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। यहां यह बतानेयोग्य है कि हाल ही में स्टेट स्पैशल सैल द्वारा गिरफ्तार किए गए खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स के 4 आतंकवादियों के लिए गुरदेव सिंह ने ही हथियार मंगवाए थे और पंजाब में किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने के लिए इन्हें अपने साथ भर्ती किया था। पुलिस उक्त 4 आतंकवादियों के साथ केन्द्रीय जेल अमृतसर से लाए गए मान सिंह सहित अब गिरफ्तार किए गए गुरदेव सिंह को एक साथ बिठा कर पंजाब में होने वाली साजिश का पूरा खाका तैयार करेगी।

जेल में तैयार हुई थी पंजाब को दहलाने की साजिश
स्टेट स्पैशल आप्रेशन सैल द्वारा आज गिरफ्तार किया गया आतंकवादी गुरदेव सिंह अमृतसर जेल में मान सिंह के साथ मिला था, जिसके बाद उसने बलवंत सिंह ऊर्फ बाबा ऊर्फ निहंग, अर्शदीप सिंह ऊर्फ आकाश रंधावा, हरभजन सिंह व बलबीर सिंह को अपने साथ मिला कर पंजाब को दहलाने की साजिश रची थी। पाकिस्तान में बैठे रणजीत सिंह नीटा व जर्मन में बैठे अपने भाई गुरदेव सिंह बग्गा के साथ लगातार सम्पर्क में रह कर भर्ती किए जाने वाले आतंकियों को माली सहायता के साथ-साथ हथियार मुहैय्या करवा रहा था। पाकिस्तान की खुफिया एजैंसी आई.एस.आई. द्वारा ड्रोन के जरिए भेजे गए हथियार भी गुरदेव सिंह ने ही पंजाब में रची गई आतंकी साजिश में इस्तेमाल करने के लिए मंगवाए थे। केन्द्र की एजैंसियों के सामने रिक्वर किए गए ड्रोन के अवशेष-स्टेट स्पैशल आप्रेशन सैल ने तरनतारन के झब्बाल सैक्टर से आई.एस.आई. द्वारा सीमा पार पाकिस्तान से भेजे गए ड्रोन के अवशेष बरामद कर लिए है। केन्द्रीय एजैंसियों में शामिल एन.टी.आर.ओ., सी.एफ.एस.एल. व एफ.एस.एल. की मौजूदगी में ड्रोन के अवशेष फोरैंसिक टीमों द्वारा बरामद किए गए, जिनकी गहनता के साथ जांच की जा रही है।

गुरदेव सिंह खोलेगा पाकिस्तान से आए ड्रोन व हथियारों का राज
स्टेट स्पैशल आप्रेशन सैल द्वारा आज गिरफ्तार किए गए आतंकी गुरदेव सिंह से सीमा पार पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भेजे गए हथियारों का राज खुलेगा। गुरदेव सिंह ने ही पूरे मैडियूल को तैयार किया था और कहां-कहां क्या-क्या करना था इसका पूरा खाका गुरदेव सिंह द्वारा बनाया गया था। कब-कब ड्रोन सीमा पार से भारतीय सीमा में दाखिल हुआ और क्या-क्या लेकर आया, इस पर भी पूरी जांच चल रही है।

गौरतलब है कि पंजाब के खुफिया विभाग स्टेट स्पैशल आप्रेशन सैल द्वारा खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स के 4 आतंकियों में शामिल बलवंत सिंह ऊर्फ बाबा ऊर्फ निहंग, अर्शदीप सिंह ऊर्फ आकाश रंधावा, हरभजन सिंह व बलबीर सिंह को आज अमृतसर अदालत में पेश करने के बाद 10 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया था। अमृतसर की केन्द्रीय जेल में रची गई साजिश के सरगना आतंकी मान सिंह को भी इन चारो आतंकवादियों के साथ अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया गया था। आतंकवादियों से हुई पूछताछ में यह साफ हो गया है कि पंजाब में किसी बड़ी आतंकी वारदात को सर-अंजाम देने के मनसूबे बन चुके थे और गिरफ्तार किए गए आतंकवादियों से बरामद हुए हथियारों को इस्तेमाल किया जाना था।

Vaneet