कांग्रेस को राष्ट्रीय पार्टी कहलाने का अधिकार नहीं : श्वेत मलिक

punjabkesari.in Wednesday, May 23, 2018 - 08:59 AM (IST)

अमृतसर  (महेन्द्र): हाल ही में कर्नाटक विधानसभा चुनाव परिणाम को लेकर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद श्वेत मलिक ने कांग्रेस पार्टी पर राजनीतिक हमला बोलते हुए कहा कि क्षेत्रीय राजनीतिक दलों से कटोरा पकड़ कर समर्थन की भीख मांगने वाली कांग्रेस पार्टी का अब कोई भविष्य नहीं रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर मात्र 2.48 फीसदी वोटों तक सिमट चुकी कांग्रेस पार्टी को तो अब राष्ट्रीय पार्टी कहलाने का भी अधिकार नहीं रहा है। 


उन्होंने कहा कि पंजाब तथा पुडुचेरी मात्र 2 राज्यों तक सीमित हो चुकी कांग्रेस पार्टी की तुलना में भाजपा राष्ट्रीय स्तर पर 67.84 वोटरों का समर्थन हासिल करके आज 20 राज्यों में शासन कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के तथाकथित कमांडर राहुल गांधी, जोकि पराजय के आदी हो चुके हैं, उन्हें जल्द ही अब ‘कांग्रेस मुक्त भारत’ होने पर भी करारी पराजय का सामना करना पड़ेगा। 

 

सत्ता हासिल करने के लिए किसी भी हद तक जा सकती है कांग्रेस
मलिक ने कहा कांग्रेस पार्टी सत्ता हासिल करने के लिए किसी भी हद तक जा सकती है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक में 222 में से मात्र 38 सीटें हासिल करने वाली जे.डी.एस. राजनीतिक दल कांग्रेस के अलोकतांत्रिक सहयोग की बदौलत शासन करने जा रही है और 104 सीटें हासिल करने वाली भाजपा को विपक्ष में बैठना पड़ रहा है। 
उन्होंने कहा कि भाजपा का राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ता ग्राफ देख कांग्रेस पूरी तरह से बौखला चुकी है। यही कारण है कि उसने कर्नाटक में जे.डी.एस. को समर्थन देने के बहाने कर्नाटक की सत्ता को हाईजैक कर लिया है।  

 

कैप्टन पंजाब के विकास हेतु हर क्षेत्र में स्थापित करें इन्फ्रास्ट्रक्चर
श्वेत मलिक ने पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह के नेतृत्व वाली कांग्रेस पार्टी पर भी सियासी हमला बोलते हुए कहा कि पंजाब में कांग्रेस पार्टी की सरकार अपने सवा वर्ष के कार्यकाल में ही जनता में अपना विश्वास खो चुकी है। 
उद्योगपतियों को कभी बिजली सस्ती देने तथा कभी उन्हें सशक्त करने की बातें करने वाले कैप्टन को चाहिए कि वे इस तरह की खोखली बातें करने की बजाय पंजाब के विकास के लिए पंजाब के हर क्षेत्र में इन्फ्रास्ट्रक्चर स्थापित करें जिससे युवाओं के लिए रोजगार के साधन उपलब्ध हो सकें और व्यापार में भी बढ़ावा हो सके।

Sonia Goswami