पंजाब को दहलाने की साजिश नाकाम, ए.के.-47, 2 हैंड ग्रेनेड सहित ट्रक ड्राइवर गिरफ्तार
punjabkesari.in Monday, Oct 05, 2026 - 10:21 AM (IST)
अमृतसर/जालंधर (इन्द्रजीत, धवन): सीमा पार से पंजाब को दहलाने की साजिश को नाकाम करते हुए अमृतसर देहाती पुलिस की सी.आई.ए. टीम ने अंतर्राष्ट्रीय हथियार और विस्फोटक तस्करी के नैटवर्क का पर्दाफाश किया है।
पंजाब के डी.जी.पी. गौरव यादव ने बताया कि सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को ए.के.-47 राइफल, 2 हैंड ग्रेनेड, 9 कारतूस और मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया है। थाना घरिंडा में शस्त्र अधिनियम और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
इंस्पैक्टर जनरल ऑफ पुलिस अमृतसर बॉर्डर रेंज गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान नवजोत सिंह (28), निवासी चीमा खुर्द तरनतारन के रूप में हुई है। 5वीं पास नवजोत पेशे से ट्रक ड्राइवर है और उसका कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि वह दुबई में बैठे अपने बचपन के सहपाठी व मुख्य तस्कर सुखबीर सिंह के संपर्क में था। सुखबीर सीमा पार से ड्रोन के जरिए हथियार और विस्फोटक भेजता था, जिन्हें नवजोत प्राप्त कर आगे पंजाब के अपराधियों और गिरोहों को पहुंचाता था।
अमृतसर देहाती पुलिस द्वारा पिछले 4 दिनों में ए.के.-47 की यह दूसरी बड़ी बरामदगी है। पुलिस के अनुसार त्यौहारों से पहले माहौल बिगाड़ने के लिए विदेशी तस्करों द्वारा हथियारों की आपूर्ति बढ़ाई गई है। फिलहाल आरोपी के मोबाइल की जांच और बैंक खातों का विवरण खंगाला जा रहा है। दुबई में बैठे आरोपी सुखबीर को भी नामजद कर प्रत्यर्पण की कानूनी प्रक्रिया शुरू की जाएगी। यह कार्रवाई एस.एस.पी. कंवरप्रीत सिंह चहल, पुलिस अधीक्षक रमनदीप सिंह, डी.एस.पी. जी.पी.एस. नागरा और सी.आई.ए. इंचार्ज व उनकी टीम द्वारा की गई।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

