‘AAP’ का पंजाब के साथ किया गया भद्दा मजाक माफ़ी योग्य नहीं : भजन लाल शर्मा

punjabkesari.in Sunday, Sep 27, 2026 - 08:57 PM (IST)

ममदोट (फिरोजपुर) : ‘आप’ सरकार द्वारा पंजाब के लोगों के साथ किया गया भद्दा मजाक माफ़ी योग्य नहीं है। ये सत्ता में पंजाब को नशामुक्त करने का वादा करके आए थे, लेकिन तारीख पर तारीख देने के अलावा इन्होंने कुछ नहीं किया। ये शब्द राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के हैं। वे पंजाब के फिरोजपुर जिले के ममदोट कस्बे में पंजाब भाजपा की ‘नशामुक्त पंजाब यात्रा’ को संबोधित कर रहे थे। ‘नशामुक्त पंजाब यात्रा’ रविवार को गुरुहरसहाय, फिरोजपुर ग्रामीण और जीरा विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरी।

इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता राणा गुरमीत सिंह सोढी, मनजीत सिंह राय, लखविंदर सिंह, सतिंदर सत्ती और सरबजीत सिंह बाठ सहित कई पार्टी नेता एवं कार्यकर्ता भी मौजूद थे।

2029 तक भारत होगा नशामुक्त
भजन लाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित भारत बनाने का मिशन तय किया है। यह मिशन तब तक पूरा नहीं हो सकता, जब तक देश के नौजवान स्वस्थ और सशक्त नहीं होंगे। इसी कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में 2029 तक पंजाब सहित भारत को नशामुक्त करने का संकल्प लिया गया है। इसके लिए रोडमैप तैयार कर लिया गया है।

पंजाब में डबल इंजन सरकार बनाने का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि पंजाब को नशामुक्त करने का भाजपा का संकल्प हर हाल में पूरा होगा। इसी का भरोसा दिलाने के लिए वह पंजाब आए हैं। उन्होंने कहा कि नशा पंजाब की वर्तमान और भावी पीढ़ियों के लिए गंभीर चुनौती है। नशे की इस गंभीर समस्या से निपटने में आम आदमी पार्टी नाकाम रही है, जिसका सीधा असर युवाओं के भविष्य पर पड़ रहा है। ऐसे हालात में केवल दावे नहीं, बल्कि ठोस कार्रवाई और प्रभावी परिणाम सुनिश्चित करने की जरूरत है।

गुरु नानक की धरती होगी नशामुक्त
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद सतनाम सिंह संधू ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संकल्प लिया था कि गुरु नानक की धरती को नशे से बचाया जाएगा और उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पंजाब के लोगों को यह भरोसा दिलाने के लिए भेजा था कि भाजपा के सत्ता में आने के दो साल के भीतर नशे की समस्या को समाप्त कर दिया जाएगा। यह केवल राजनीतिक वादा नहीं था, बल्कि जमीनी स्तर पर इसके लिए काम पहले ही शुरू हो चुका है।”

पंजाब को नशामुक्त करवाने के लिए भाजपा ने जिम्मेदारी ली
इस अवसर पर लोगों को संबोधित करते हुए राणा गुरमीत सिंह सोढी ने कहा कि पंजाब में नशे की समस्या बेहद गंभीर हो चुकी है और समाज का लगभग हर वर्ग किसी न किसी रूप में इससे प्रभावित है। उन्होंने कहा कि पंजाब को नशामुक्त करवाने के लिए प्रदेशभर में भाजपा नेताओं ने जिम्मेदारी ली है। उन्होंने कहा कि नशे की समस्या को केवल ऊपर-ऊपर से हल करने के बजाय इसकी जड़ों से खत्म करना पार्टी का पक्का संकल्प है।

नशे ने पंजाब की पूरी एक पीढ़ी की जवानी बर्बाद कर दी
इस अवसर पर बोलते हुए सतिंदर सत्ती ने कहा कि यह बेहद दुखद विडंबना है कि भगत सिंह और बंदा सिंह बहादुर जैसे महान योद्धाओं को जन्म देने वाला पंजाब आज इस बात की ओर ध्यान दिलाने के लिए यात्रा निकालने को मजबूर है कि नशे ने उसकी पूरी एक पीढ़ी की जवानी बर्बाद कर दी है।

उन्होंने कहा कि गुरुओं की पवित्र धरती पर आज लोगों को पंजाब की गौरवशाली विरासत की बात करने के बजाय नशे की समस्या के बारे में बात करनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि यह देखना बेहद दुखद है और कलियुग के इस दौर में लोगों की अंतरात्मा को जगाने तथा इस समस्या के खिलाफ लोगों को एकजुट करने के लिए ऐसी यात्राएं जरूरी हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News