पंजाब के 3 अहम जिलों का दौरा करेंगे गवर्नर, तैयारियों में जुटा प्रशासन
punjabkesari.in Tuesday, Feb 03, 2026 - 06:26 PM (IST)
चंडीगढ़: पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया एक बार फिर राज्य के जमीनी हालात का जायजा लेने के लिए फील्ड दौरे पर निकल रहे हैं। इस बार वे 9 फरवरी से 12 फरवरी तक सीमावर्ती जिलों तरनतारन, फिरोजपुर और फाजिल्का का दौरा करेंगे। उनके इस दौरे को प्रशासनिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है, खासकर इसलिए क्योंकि ये तीनों जिले अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे हुए हैं।
जानकारी के मुताबिक, गवर्नर कटारिया अपने दौरे के दौरान जिला प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठकें करेंगे और विभिन्न सरकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे। इसके अलावा वे शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और विकास कार्यों से जुड़े प्रोजेक्ट्स का भी जायजा लेंगे। सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था, नशा तस्करी और अन्य चुनौतियों को लेकर भी अधिकारियों के साथ चर्चा होने की संभावना है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी गवर्नर कटारिया राज्य के कई जिलों का दौरा कर चुके हैं और प्रशासन को बेहतर कामकाज के निर्देश देते रहे हैं। वहीं उक्त जिलों में उनके इस प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।

