लॉकडाउन में बच्चों व पत्नी का पेट भरना हुआ मुश्किल, तो ड्राइवर ने फंदा लगाकर किया सुसाइड

punjabkesari.in Thursday, May 21, 2020 - 04:46 PM (IST)

लुधियाना (राज): देश में लगे लॉकडाउन और कर्फ्यू की मार आमजन पर पड़ रही है। कई लोगों को अब काम ही नहीं मिला रहा है। ऐसा ही एक मामला डाबा के इलाके में सामने आया है, जहां काम ना होने के कारण परेशान ड्राइवर ने फंदा लगा कर आत्महत्या कर ली। घटना के समय उसकी पत्नी और बच्चे छत पर सो रहे थे। सुबह निंद खुलने पर जब उसकी पत्नी नीचे आई तो पति का शव लटक रहा था। मृतक अमनदीप कुमार (39) है। जोकि गिल कालोनी, लोहारा का रहने वाला है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची थाना डाबा की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।

जानकारी के मुताबिक अमनदीप कुमार ड्राइवरी करता था। वह गिल कालोनी में अपने पत्नी और तीन बच्चों के साथ रहता था। पहले ही उसका काम ठीक नहीं चल रहा था। ऊपर से लॉकडाउन और कर्फ्यू ने उसे बिल्कुल ही फ्री कर दिया। अब थोड़ी राहत मिलने के बाद भी उसके पास कोई काम नहीं था। इसलिए वह काफी परेशान चल रहा था। इंस्पेक्टर पवित्र सिंह ने बताया है कि मृतक की पत्नी के मुताबिक वह बुधवार रात छत पर सोने के लिए चले गए थे। जब तड़के नीचे कमरे में आई तो अमनदीप ने चुन्नी के सहारे पंखे से फंदा लगाया हुआ था। उन्होने पुलिस को बुलाया। शव नीचे उतारा गया, मगर अमनदीप की मौत हो चुकी थी। पुलिस का कहना है कि परेशानी के कारण ही अमनदीप ने आत्महत्या की है।

Mohit