महानगर में दरिंदगी की हदें पार, 15 वर्षीय नाबालिग को बनाया हवस का शिकार
punjabkesari.in Sunday, Jun 28, 2026 - 11:37 AM (IST)
लुधियाना (राज): महानगर के अंतर्गत आते कस्बा कोहाड़ा में एक 15 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाने (दुष्कर्म करने) और किसी को बताने पर जान से मारने की भयानक धमकी देने का एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है। इस घिनौनी वारदात को लेकर उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले से ट्रांसफर होकर आई 'जीरो एफआईआर' के आधार पर लुधियाना के थाना कुंमकला की पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और आरोपी की धरपकड़ के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, मूल रूप से उत्तर प्रदेश की रहने वाली 15 वर्षीय नाबालिग पीड़िता कोहाड़ा क्षेत्र में थी। आरोप है कि इलाके के ही रहने वाले संजय नाम के आरोपी ने शराब के नशे में धुत्त होकर कोहाड़ा में भट्टी अस्पताल के पास नाबालिग पीड़िता को अपनी हवस का शिकार बनाया। वारदात को अंजाम देने के बाद जब पीड़िता बदहवास हालत में रोने लगी, तो आरोपी संजय ने उसे बुरी तरह डराया-धमकाया। उसने पीड़िता को सीधे शब्दों में मौत का डर दिखाते हुए कहा कि यदि उसने इस दरिंदगी के बारे में अपने परिवार या किसी अन्य को बताया, तो वह उसे जान से मार डालेगा।
इस खौफनाक हादसे से डरी-सहमी नाबालिग पीड़िता जब लुधियाना से उत्तर प्रदेश स्थित अपने घर पहुंची, तो वहां उसने हिम्मत जुटाकर अपने परिजनों को आपबीती सुनाई। बेटी के साथ हुई इस भयानक करूतूत को सुन परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। उन्होंने बिना देर किए 20 अप्रैल को उत्तर प्रदेश के जिला सीतापुर के थाना सदरपुर में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई, जहां पुलिस ने तुरंत 'जीरो एफआईआर' दर्ज कर ली।
चूंकि कानूनन अपराध का मुख्य घटनास्थल लुधियाना के थाना कुंमकला के अंतर्गत आता कोहाड़ा क्षेत्र था, इसलिए सीतापुर पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद मामले की डायरी संबंधित अधिकार क्षेत्र वाले थाना कुंमकला (लुधियाना) को ट्रांसफर कर दी। मामला हाथ में आते ही कुंमकला पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी संजय के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी तकनीकी कारणों से पीड़िता के आधिकारिक बयान दर्ज नहीं किए जा सके हैं, जिन्हें जल्द ही दर्ज कर आगे की तफ्तीश बढ़ाई जाएगी और आरोपी को जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

