बीमार पत्नी का दर्द देखा नहीं गया तो पति ने कर दिया ये काम... ढाई साल पहले ही हुई थी शादी

punjabkesari.in Tuesday, Feb 02, 2021 - 11:39 AM (IST)

लुधियाना (राज): ग्यासपुरा के न्यू राम नगर इलाके में रहने वाले युवक ने अपनी बीमार पत्नी का दर्द न सहते हुए खुद फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक दीपक कुमार (26) है। घटना का पता तब चला, जब उसका पांच साल का भांजा बुलाने के लिए कमरे में गया। शव लटकता देख वह चिल्लाया। परिवार को पता चलने पर सूचना पुलिस को दी गई। थाना डाबा की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया।

जानकारी के मुताबिक दीपक मूल रुप से यू.पी. के जिला बलिया का रहने वाला था। वह शेरपुर चौक के पास स्थित प्राइवेट अस्पताल में फार्मासिस्ट था। उसकी शादी करीब ढाई साल पहले हुई थी। पत्नी पहले ही दिमागी तौर पर ठीक नहीं थी। उसने पत्नी का इलाज भी कराया, लेकिन कोई फर्क नहीं पड़ा। अब उसकी पत्नी की हालत ऐसी थी कि वह चल फिर भी नहीं सकती थी। इस बात को लेकर दीपक काफी परेशान चल रहा था। उससे पत्नी का दर्द देखा नहीं जा रहा था। इसलिए उसने कुछ समय पहले ही पत्नी को मायके भेज दिया था। 

सोमवार की सुबह वह रात की ड्यूटी खत्म कर घर लौटा तो खाना खाने के बाद परिवार वालों के पास कुछ समय बैठा और बाद में अपने कमरे में चला गया था। जब कई घंटों तक वह बाहर नहीं निकला तो उसका पांच साल का भांजा उठाने के लिए कमरे में गया था। उसने मामा को लटकते देख बाकी परिवार को बताया। उधर, एस.एच.ओ. इंस्पैक्टर मेहमा सिंह ने बताया कि परिवार वालों के ब्यानों पर 174 की कार्रवाई की गई है। शव का पोस्टमार्टम मंगलवार को करवाया जाएगा।

Tania pathak