दुष्कर्म मामले में सजा काट रहा कैदी पैरोल के दौरान फरार

punjabkesari.in Friday, Apr 09, 2021 - 11:17 AM (IST)

कपूरथला (भूषण): केंद्रीय जेल में दुष्कर्म मामले में सजा काट रहा एक कैदी पैरोल की छुट्टी के दौरान फरार हो गया। केंद्रीय जेल प्रशासन की शिकायत पर थाना सिटी कपूरथला की पुलिस ने फरार कैदी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश में छापामारी तेज कर दी है। केंद्रीय जेल कपूरथला के सुपरिंटैंडैंट ने थाना सिटी कपूरथला की पुलिस को दी शिकायत में बताया कि केंद्रीय जेल में एफ.आई.आर. नवंबर -288 तिथि 26 नवंबर 2012 धारा 376, 363, 506 आई.पी.सी. थाना सिटी कपूरथला के तहत सजा काट रहा कैदी बलजीत सिंह पुत्र तरसेम सिंह निवासी मोहल्ला संतपुरा थाना सिटी कपूरथला 2 अप्रैल 2020 को पैरोल की छुट्टी पर जेल से बाहर आया था तथा उक्त कैदी ने 27 फरवरी 2021 को सब जेल पठानकोट जाना था, लेकिन केंद्रीय जेल प्रशासन को सूचना मिली की कैदी बलजीत सिंह सब जेल पठानकोट नहीं पहुंचा।

20 वर्षों के दौरान 18 कैदी हो चुके हैं पैरोल के दौरान फरार
केंद्रीय जेल कपूरथला में विगत 20 वर्षों के दौरान पैरोल की छुट्टी के दौरान घर गए 18 कैदी फरार हो चुके हैं। इनमें से अधिकतर कैदी गंभीर मामलों में सजा काट रहे थे। जिनके खिलाफ जेल प्रशासन ने विभिन्न थानों में मामले दर्ज करवाए है। इनमें से मात्र 6 कैदियों को ही फिर से गिरफ्तार किया जा सका है परंतु बाकी 12 कैदियों का कोई अता-पता नहीं है। जिनको भगौड़ा करार दिया जा चुका है तथा विभिन्न प्रदेशों की पुलिस को भी इस संबंध में सूचना दी जा चुकी है। इनमें कई कैदी एन.डी.पी.एस. के मामलों में भी सजा काट रहे थे। ऐसे भगौड़े कैदियों को गिरफ्तार करने के लिए पी.ओ. स्टाफ की टीमें लगातार प्रयास कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tania pathak

Recommended News

Related News