प्रेम विवाह के बाद रिश्तों में दरार, आखिरकार पति ने पत्नी को यूं उतारा मौ''त के घाट!

punjabkesari.in Thursday, Jun 25, 2026 - 11:06 AM (IST)

पटियाला (बलजिन्द्र): पसियाना पुल के निकट भाखड़ा नहर में गिरी कार और उसमें फंसी विवाहिता के शव को मंगलवार को गोताखोरों की टीम ने बरामद कर लिया। वहीं थाना पसियाना पुलिस ने मृतका के भाई की शिकायत पर उसके पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार वार्ड नंबर 25, बाग वाला गुरुद्वारा के निकट, गांधी नगर, मानसा निवासी गुरजीत सिंह पुत्र जसपाल सिंह की शिकायत पर मृतका रमणदीप कौर के पति हैप्पी सिंह पुत्र खेता सिंह निवासी गांव बाजेवाला, थाना जोड़िया, जिला मानसा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

शिकायतकर्त्ता गुरजीत सिंह ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन रमणदीप कौर (करीब 30 वर्ष) ने वर्ष 2024 में हैप्पी सिंह के साथ प्रेम विवाह किया था। हैप्पी सिंह सेना में कार्यरत है और जहां भी उसकी तैनाती होती थी, दोनों वहीं साथ रहते थे। पिछले लगभग 3 महीनों से रमणदीप कौर अपने रिश्तेदार कुलदीप सिंह के पास जीवन नगर, संगरूर में रह रही थी।

शिकायत में कहा गया कि जब भी हैप्पी सिंह छुट्टी पर घर आता था तो वह अपने पैतृक घर मानसा चला जाता था। रमणदीप कौर भी उसके साथ जाने की बात कहती थी, जिसको लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। आरोप है कि हैप्पी सिंह के माता-पिता रमणदीप कौर को अपने घर में रखना नहीं चाहते थे।

परिजनों के अनुसार एक सप्ताह पहले हैप्पी सिंह छुट्टी आया था और वह रमणदीप कौर के साथ संगरूर में किराए के मकान में रहने लगा था। शिकायतकर्त्ता ने बताया कि 23 जून को उसके चाचा धर्मेंद्र सिंह ने सूचना दी कि हैप्पी सिंह और रमणदीप कौर कार में सवार होकर जा रहे थे, तभी हैप्पी सिंह ने पटियाला-संगरूर रोड पर पसियाना पुल के पास कार को भाखड़ा नहर में गिरा दिया। बताया गया कि हैप्पी सिंह किसी तरह नहर से बाहर निकल आया, जबकि रमणदीप कौर नहर में डूब गई।

शिकायतकर्त्ता ने आरोप लगाया कि हैप्पी सिंह अक्सर उसकी बहन को परेशान करता था और उसने जानबूझकर रमणदीप कौर को कार में बैठाकर वाहन नहर में गिरा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News