Punjab : मौसम ने ली कटवट, भारी बारिश के साथ जमकर गिरे ओले

punjabkesari.in Saturday, Oct 24, 2026 - 05:34 PM (IST)

अबोहर : शहर में शनिवार को जहां भीषण गर्मी का प्रकोप जारी रहा, वहीं पंजाब-राजस्थान सीमा के निकट स्थित गांव राजपुरा में मौसम ने अचानक करवट ले ली। दोपहर करीब 3 बजे गांव में तेज बारिश के साथ भारी ओलावृष्टि हुई। इससे खेतों में पककर तैयार खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों ने पंजाब सरकार और प्रशासन से नुकसान का उचित मुआवजा देने की मांग की है।

गांव राजपुरा के किसान महेन्द्र कुमार ने बताया कि आज दोपहर अचानक आसमान में काले बादल छा गए और देखते ही देखते तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के दौरान बड़े पैमाने पर ओले गिरने लगे। कुछ ही देर में खेतों और आसपास की जमीन पर ओलों की सफेद चादर बिछ गई। अचानक बदले मौसम और भारी ओलावृष्टि से किसानों की चिंता बढ़ गई है।

किसानों के अनुसार, इन दिनों खेतों में धान और नरमे की फसलें पककर तैयार खड़ी हैं। ऐसे समय में हुई ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान पहुंचा है। किसानों को आशंका है कि बारिश और ओलों की मार से उनकी मेहनत पर पानी फिर सकता है तथा पैदावार प्रभावित होने से आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। इसके अलावा क्षेत्र में स्थित किन्नू के बागों को भी नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है।

किसानों का कहना है कि फसलों को हुए नुकसान का सही आकलन होने के बाद ही उनकी वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। प्राकृतिक आपदा से चिंतित किसानों ने प्रशासनिक अधिकारियों से प्रभावित खेतों का निरीक्षण करवाने की मांग की है। उन्होंने पंजाब सरकार से अपील की है कि गांव राजपुरा और आसपास के प्रभावित क्षेत्रों में जल्द से जल्द विशेष गिरदावरी करवाई जाए, ताकि फसलों को हुए नुकसान का उचित आकलन किया जा सके।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News